बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का जालंधर में पर्दाफाश किया गया है। काउंटर इंटेलिजेंस विंग(Jalandhar Counter Intelligence) की सटीक कार्रवाई में इस मॉड्यूल के दो प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया गया, जो कथित तौर पर रंगदारी से जुड़े फायरिंग मामलों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सनी और रावल के रूप में हुई है। दोनों एसबीएस नगर के निवासी बताए जा रहे हैं। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक पिस्तौल, एक मैगजीन और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में खुलासा
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपित विदेश में बैठे बीकेआई से जुड़े हैंडलरों – गोपी नवाशहरिया, जस्सी कुलाम और सुषांत चोपड़ा – के निर्देशों पर काम कर रहे थे। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह मॉड्यूल पंजाब में दहशत फैलाने और रंगदारी के जरिए धन जुटाने की साजिश के तहत सक्रिय था।
सूत्रों की गहन जांच जारी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपितों ने गढ़शंकर क्षेत्र में एक ट्रैवल एजेंट के घर पर रंगदारी वसूलने के इरादे से दो अलग-अलग मौकों पर फायरिंग की थी। घटना के बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां इनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थीं।
इस मामले में अमृतसर स्थित स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) थाने में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है तथा पूरे मॉड्यूल की फंडिंग और संपर्क सूत्रों की गहन जांच की जा रही है।