ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने घोषणा की है कि उनका देश अब पड़ोसी देशों को निशाना नहीं बनाएगा, जब तक कि उन देशों की जमीन से ईरान पर हमला न किया जाए। उन्होंने बताया कि इस फैसले को ईरान की अंतरिम लीडरशिप काउंसिल ने मंजूरी दे दी है। ईरानी मीडिया के अनुसार राष्ट्रपति ने हाल के दिनों में पड़ोसी देशों पर हुए हमलों को लेकर खेद भी व्यक्त किया है।
कतर में अलर्ट के बीच दोबारा मिसाइल हमला
राष्ट्रपति के इस बयान के बाद कतर में लोगों के मोबाइल फोन पर एक संदेश भेजा गया, जिसमें बताया गया कि सुरक्षा का खतरा टल गया है और हालात सामान्य हो रहे हैं। हालांकि इसके कुछ ही समय बाद राजधानी दोहा में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक मिसाइल को जमीन पर गिरने से पहले ही इंटरसेप्ट कर लिया गया। इस घटना के बाद शहर में सुरक्षा अलार्म बजने लगे।
ईरान ने सरेंडर से किया इनकार
इस बीच राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने यह भी कहा कि ईरान किसी भी हालत में आत्मसमर्पण नहीं करेगा। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि बिना शर्त सरेंडर से पहले अमेरिका बातचीत नहीं करेगा। ईरानी सरकारी चैनल पर बोलते हुए पेजेश्कियन ने कहा कि उनके विरोधी “बिना शर्त सरेंडर के अपने सपनों को कब्र में ले जाएंगे।”
ईरान में यह बयान ऐसे समय आया है जब एक सप्ताह पहले सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की हत्या के बाद देश की कमान तीन सदस्यों की अंतरिम लीडरशिप काउंसिल संभाल रही है। इस काउंसिल में राष्ट्रपति पेजेश्कियन के अलावा न्यायपालिका प्रमुख गुलाम हुसैन मोहसेनी एजेई और वरिष्ठ मौलवी अलीरेजा अराफी शामिल हैं।
Read More

