Wednesday, March 4, 2026
Home Current News तरन तारन में स्वास्थ्य विभाग का मेडिकल स्टोर पर छापा, 3,300 नशीली...

तरन तारन में स्वास्थ्य विभाग का मेडिकल स्टोर पर छापा, 3,300 नशीली गोलियां और 13,200 कैप्सूल किए जब्त

Advertisement

तरन तारन जिले के कलसियां कलां गांव में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा बरामद किया है। छापेमारी के दौरान करीब 5 लाख 75 हजार 850 रुपये मूल्य की नशीली दवाएं जब्त की गईं।

स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल स्टोर किया सील

स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल स्टोर को सील कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जोनल लाइसेंसिंग अथॉरिटी, अमृतसर के कुलविंदर सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग में शिकायत मिली थी कि गांव कलसियां कलां स्थित एक मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री की जा रही है।

संयुक्त टीम ने की छापेमारी

सूचना के आधार पर थाना भिखीविंड के हेड इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह और ड्रग कंट्रोलर ऑफिसर अमृतसर-5 गुरदीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने हीरा मेडिकल स्टोर पर अचानक छापा मारा। तलाशी के दौरान 3300 नशीली टैबलेट और 13,200 नशीले कैप्सूल बरामद हुए।

अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल स्टोर मालिक इन दवाओं से संबंधित कोई वैध रिकॉर्ड या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जब्त दवाओं का दुरुपयोग नशे के रूप में किया जा सकता था।

उच्च अधिकारियों को भेजी रिपोर्ट

बरामद दवाओं को कब्जे में लेकर दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और जिला उपायुक्त को भेज दी गई है। उनके निर्देशानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध रूप से प्रतिबंधित दवाएं बेचने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।