पदक विजेताओं का सम्मान करेगी हरियाणा सरकार, खेल मंत्री संजय सिंह ने किया ऐलान, भूपेंद्र हुड्डा की नीयत पर उठाए सवाल

Aug 9, 2024 - 13:36
 52
पदक विजेताओं का सम्मान करेगी हरियाणा सरकार, खेल मंत्री संजय सिंह ने किया ऐलान, भूपेंद्र हुड्डा की नीयत पर उठाए सवाल
पदक विजेताओं का सम्मान करेगी हरियाणा सरकार, खेल मंत्री संजय सिंह ने किया ऐलान, भूपेंद्र हुड्डा की नीयत पर उठाए सवाल

नकुल जसूजा, चंडीगढ़:

पैरिस ओलंपिक में पदक जीतने वाले प्रदेश के सभी खिलाडियों का हरियाणा सरकार की ओर से सम्मान किया जाएगा। खेल मंत्री संजय सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से 17 अगस्त को रोहतक में एक प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम कर सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मनु भाकर, सरबजीत सिंह और नीरज चोपड़ा के अलावा पदक लाने वाली भारतीय हॉकी की टीम में भी तीन खिलाड़ी हरियाणा के हैं। हरियाणा के सभी खिलाड़ियों ने इतिहास रचने का काम किया है।

डिप्टी डायरेक्टर का नियुक्ति पत्र दिया

संजय सिंह ने बताया कि मनु भाकर और सरबजीत सिंह ने आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ मुलाकात की है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दोनों का सम्मान करने के साथ ही उन्हें डिप्टी डायरेक्टर के पद का नियुक्ति पत्र भी दिया है। उन्होंने बताया कि 17 अगस्त को रोहतक में होने वाले कार्यक्रम में भी खिलाड़ियों के लिए कईं घोषषाएं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की ओर से खिलाड़ियों के मन की हर बात को पूरा किया जाएगा। आज पूरे देश में सबसे ज्यादा नगद पुरस्कार हरियाणा में खिलाड़ियों को दिया जाता है। मनु भाकर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व में लाए गए मेडल के आधार पर अकेले भाकर को ही करीब 6 करोड़ की नगद राशि दी जा चुकी है।

परिवार से बाहर नहीं निकल रहे हुड्डा

भूपेंद्र हुड्डा की ओर से विनेश फोगाट को राज्यसभा में भेजने संबंधी दिए बयान पर खेल मंत्री संजय सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि हुड्डा केवल राजनीतिक घोषणा करने का काम कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री पर सवाल करते हुए खेल मंत्री ने कहा कि हुड्डा यह बताए कि उन्होंने अपने शासन में कितने खिलाड़ियों को राज्यसभा में भेजने का काम किया है या फिर कितने खिलाड़ियों को लोकसभा का चुनाव लड़वाया है, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने योगेश्वर दत्त और बबीता फोगाट को सम्मान देने के अलावा उन्हें चुनाव लड़वाने का भी काम किया। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा परिवार से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow