दिल्ली सरकार राजधानी के विकास को गति देने के लिए तेजी से काम कर रही है। इस बीच सूत्रों से जानकारी मिली है कि दिल्ली सरकार 15 अप्रैल को ईवी 2.0 पॉलिसी का ऐलान कर सकती है। इस पॉलिसी के तहत 15 अगस्त 2026 के बाद दिल्ली में पेट्रोल और CNG से चलने वाले दोपहिया वाहनों की बिक्री बंद हो सकती है और 15 अगस्त 2025 से दिल्ली में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी से चलने वाले तिपहिया वाहनों का नया रजिस्ट्रेशन बंद हो जाएगा और 10 साल से पुराने सीएनजी ऑटो को इलेक्ट्रिक में बदलना अनिवार्य होगा।
दिल्ली नगर निगम और NDMC के वाहन इलेक्ट्रिक होंगे
सूत्रों के अनुसार, नई EV 2.0 नीति 15 अप्रैल को लागू हो सकती है। इस नीति के लागू होने के बाद अगर किसी व्यक्ति के नाम पर 2 पेट्रोल या डीजल कार हैं, तो उसकी तीसरी कार इलेक्ट्रिक के तौर पर रजिस्टर हो जाएगी। इसके अलावा दिल्ली सरकार की नई EV 2.0 नीति के तहत दिसंबर 2027 तक दिल्ली नगर निगम, NDMC और जल बोर्ड के सभी वाहन पूरी तरह इलेक्ट्रिक हो जाएंगे।
बढ़ेगी चार्जिंग स्टेशनों की संख्या
जानकारी के अनुसार, EV 2.0 नीति के तहत दिल्ली में EV चार्जिंग स्टेशनों और बैटरी स्वैपिंग सेंटरों की संख्या भी बढ़ाई गई है, ताकि चार्जिंग की सुविधा सुलभ हो सके। फिलहाल, दिल्ली में कुल 1 हजार 919 इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन हैं। इसमें 2 हजार 452 चार्जिंग प्वाइंट और 232 बैटरी स्वैपिंग सेंटर उपलब्ध हैं। नीति के अनुसार, राजधानी में 13,200 सार्वजनिक चार्जिंग प्वाइंट स्थापित करने का प्रस्ताव है। ताकि हर 5 किलोमीटर के दायरे में चार्जिंग स्टेशन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
