हरियाणा में सीट बंटवारे को लेकर इंडी गठबंधन के दलों में विवाद, सीटें लेने पर अड़े नेताजी

Aug 24, 2024 - 13:59
 38
हरियाणा में सीट बंटवारे को लेकर इंडी गठबंधन के दलों में विवाद, सीटें लेने पर अड़े नेताजी
हरियाणा में सीट बंटवारे को लेकर इंडी गठबंधन के दलों में विवाद, सीटें लेने पर अड़े नेताजी

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़:

बीती 16 अगस्त को विधानसभा चुनाव का ऐलान होने के साथ ही हरियाणा और पड़ोसी राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां एकाएक बढ़ गई है। लोकसभा चुनाव में इंडी गठबंधन के बैनर तले चुनाव लड़ने वाले दो दलों में हरियाणा के विधानसभा चुनाव में सीटों को लेकर विवाद शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल की भूमिका निभाने वाली समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस से हरियाणा में 5 सीटों की मांग की है। 

इसके उल्ट हरियाणा में कांग्रेस के नेता प्रदेश में किसी भी दल के साथ एक भी सीट का बंटवारा नहीं करना चाहते। इसी के चलते अब समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा के उपचुनाव को लेकर अपनी रणनीति साफ कर दी है। पार्टी का कहना है कि यदि वह हरियाणा में कमजोर हैं तो उत्तर प्रदेश में कांग्रेस भी मजबूत नहीं है। 

हुड्डा और उदयभान कर चुके इंकार

हरियाणा के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के अलावा हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी उदयभान साफ तौर पर इंकार कर चुके हैं। इनका साफ तौर पर कहना है कि पार्टी हरियाणा में अपने दम पर अकेले चुनावा लड़ने में सक्षम है। इसलिए हरियाणा में किसी भी दल के साथ गठबंधन के बिना ही चुनावी मैदान में उतरा जाएगा। 

UP की इन सीटों पर होना है उपचुनाव

उत्तर प्रदेश की कुल 10 विधानसभी सीटों पर उपचुनाव होना है। इनमें कटेहरी विधानसभा, करहल विधानसभा, मिल्कीपुर विधासभा, मीरापुर विधानसभा, गाजियाबाद लोकसभा, मझावां विधानसभा, खैर विधानसभा, फूलपुर विधानसभा, कुंदरकी विधानसभा और सीसामऊ विधानसभा सीट शामिल है। कांग्रेस की ओर से उपचुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी से इन 10 सीटों में से 3 से 5 सीट देने की मांग की गई है। 

कांग्रेस ने यूपी, सपा ने हरियाणा-महाराष्ट्र में मांगी सीटें

पार्टी से जुड़े लोगों की माने तो उत्तर प्रदेश में होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस की ओर से 3 से 5 सीट की मांग किए जाने के बाद अब समाजवादी पार्टी ने हरियाणा और महाराष्ट्र में अपनी दावेदारी पेश की है। समाजवादी पार्टी के अनुसार हरियाणा में 11 सीट यादव और 7 सीट मुस्लिम बहुल है। सपा इनमें से केवल 5 सीट की मांग कर रही है, जबकि हरियाणा कांग्रेस के नेता सपा को एक भी सीट देने को तैयार नहीं है। 

हरियाणा विधानसभा का चुनाव शेड्यूल

चुनाव आयोग ने 16 अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया था, जिसके तहत हरियाणा में 1 अक्टूबर को सभी 90 सीटों पर एक ही चरण में वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 4 अक्टूबर को हरियाणा विधानसभा के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। मतदान के लिए हरियाणा में 20,629 मतदान केंद्र  बनाएं जाएंगे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow