रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’(Dhurandhar 2)रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर तूफान बनकर छा गई है। फिल्म ने पहले दिन से ही जबरदस्त पकड़ बनाए रखी है और लगातार 40 करोड़ से ज्यादा की कमाई करते हुए नए रिकॉर्ड बना रही है। दूसरे हफ्ते में भी इसका जलवा बरकरार है, वहीं विदेशी बाजारों में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है।
दुनियाभर में ‘धुरंधर 2’ का जलवा
ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 10 दिनों के भीतर ही वर्ल्डवाइड करीब 1255 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। दसवें दिन फिल्म ने लगभग 62.85 करोड़ की कमाई की। भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 930 करोड़ से ज्यादा और नेट कलेक्शन करीब 778 करोड़ पहुंच चुका है।
वहीं, ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म ने 300 करोड़ से ज्यादा का आंकड़ा छू लिया है, जिसमें अकेले दसवें दिन करीब 29 करोड़ की कमाई शामिल है। भाषाओं के हिसाब से भी फिल्म का प्रदर्शन दमदार रहा है। हिंदी वर्जन ने दसवें दिन करीब 58 करोड़ कमाए, जबकि तमिल, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी फिल्म ने अच्छा बिजनेस किया।
इंडियन सिनेमा की बड़ी फिल्मों में शामिल
‘धुरंधर 2’(Dhurandhar 2) अब भारतीय सिनेमा की बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपनी जगह बनाती नजर आ रही है। फिल्म के डायरेक्टर आदित्य धर को भी इस फ्रेंचाइज़ी के जरिए बड़ी सफलता मिली है। इससे पहले ‘धुरंधर’ का पहला पार्ट भी जबरदस्त हिट रहा था और 1300 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुका था।
फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे सितारे भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिलहाल ‘धुरंधर 2’ सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है और इसकी कमाई की रफ्तार देखकर साफ है कि आने वाले दिनों में यह और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।