सीएम मान को फ्रांस दौरे से वंचित करना पंजाब के लिए झटका: आप नेता हरचंद सिंह बरसट

Aug 4, 2024 - 09:10
 18
सीएम मान को फ्रांस दौरे से वंचित करना पंजाब के लिए झटका: आप नेता हरचंद सिंह बरसट
सीएम मान को फ्रांस दौरे से वंचित करना पंजाब के लिए झटका: आप नेता हरचंद सिंह बरसट

आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रदेश महासचिव एवं पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट ने केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को फ्रांस जाने की इजाजत न देने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को पेरिस ओलंपिक में जाने की अनुमति न देकर केंद्र सरकार ने न केवल पंजाब के 3 करोड़ लोगों का अपमान किया है, बल्कि उनकी भावनाओं को भी ठेस पहुंचाई है, क्योंकि भारतीय हॉकी टीम में अधिकतर खिलाड़ी पंजाब से हैं। यह संवैधानिक रूप से चुने गए व्यक्ति के मौलिक अधिकारों पर रोक लगाने के बराबर है।

बरसट ने कहा कि आप नेताओं को विदेश जाने से रोकना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले मोदी सरकार ने आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सिंगापुर जाकर वहां की शिक्षा प्रणाली का अध्ययन करने की अनुमति देने से भी इनकार कर दिया था। पेरिस ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम, जिसमें पंजाबी खिलाड़ियों की बहुलता है, के लगातार जीत की राह पर होने के बावजूद, हॉकी टीम का मनोबल बढ़ाने के लिए भगवंत सिंह मान को पेरिस जाने की अनुमति न देना पंजाब के खिलाफ भेदभाव का एक और उदाहरण है।

बरसट ने कहा कि इससे पहले केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस परेड में पंजाब की झांकी को शामिल न करके, बाढ़ से प्रभावित किसानों व मजदूरों को मुआवजा न देकर, पंजाब के किसानों व मजदूरों को दिल्ली जाने से रोककर, पंजाब के ग्रामीण विकास फंड व स्वास्थ्य मिशन फंड को रोककर तथा केंद्रीय बजट में पंजाब को कोई मदद न देकर भी पंजाब के साथ भेदभाव किया है। यह प्रधानमंत्री व भारतीय जनता पार्टी की पंजाब व पंजाबी लोगों के प्रति नफरत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की इन हरकतों के कारण लोग भाजपा से तंग आ चुके हैं और इसका ग्राफ दिन-प्रतिदिन गिरता जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि पंजाबियों के साथ भेदभाव बंद किया जाए।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow