Thursday, February 19, 2026
HomeCurrent Newsहरियाणा में जानलेवा हुआ डेंगू का डंक ! प्रदेश में अब तक...

हरियाणा में जानलेवा हुआ डेंगू का डंक ! प्रदेश में अब तक 5 लोगों की मौत, 5600 हुई एक्टिव मरीजों की संख्या

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : हरियाणा में डेंगू का डंक धीरे-धीरे तेज हो रहा है। डेंगू की चपेट में आने वाले मरीजों की संख्या में भी रोजाना इजाफा हो रहा है। प्रदेश में डेंगू के कुल मामले 5600 के करीब पहुंच चुके हैं। रोजाना 100 से अधिक मामले रिपोर्ट हो रहे हैं। पूरे प्रदेश में डेंगू के सबसे अधिक मामले पंचकूला, हिसार, सोनीपत और करनाल में दर्ज किए जा रहे हैं।

कहां कितने डेंगू मरीजों की मौत ?

पूरे हरियाणा में पंचकूला जिले में डेंगू के केसों की संख्या सबसे अधिक है। हालांकि दावा यह भी किया जा रहा है कि अधिक टेस्टिंग होने के कारण डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ती नजर आ रही है। डेंगू की चपेट में आकर जान गंवाने वालों में अर्बन पंचकूला में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि गांव कोट और पिंजौर में 1-1 व्यक्ति की मौत हो चुकी है।

अर्बन और ओल्ड पंचकूला में खतरा

हरियाणा में डेंगू की सबसे अधिक मार जिला पंचकूला के लोगों पर पड़ी है। ओल्ड पंचकूला हो या अर्बन पंचकूला, दोनों जगहों पर डेंगू के मामले तेजी से बढ़े हैं। ओल्ड पंचकूला में डेंगू के 205 केस रिपोर्ट हुए हैं, जबकि सबसे अधिक अर्बन पंचकूला में 615 केस रिपोर्ट हुए है। इसके अलावा जिला पंचकूला के गांवों में भी डेंगू की चपेट में आए लोगों की संख्या बढ़ी है। गांव सूरजपुर में डेंगू के 141 और पिंजौर में 128 केस रिपोर्ट हुए हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन अपने-अपने स्तर पर बचाव के सभी उपाय करने में जुटे हैं, लेकिन फिलहाल तक राहत नहीं मिल सकी है।

ऐसे करें बचाव

स्वास्थ्य विभाग हरियाणा के महानिदेशक डॉ. मनीष बंसल ने बताया कि डेंगू एक वायरल बीमारी है। इसकी कोई वैक्सीन या दवा नहीं है। बदलते मौसम में मच्छर के काटने से डेंगू होता है। डॉ. बंसल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की अनेक टीमें लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक कर रहे हैं। साथ ही उन्हें बचाव उपाय भी सुझाए जा रहे हैं। अपने आसपास पानी खड़ा नहीं होने दें। दो-तीन दिन लगातार बुखार रहने पर चिकित्सकीय परामर्श लें और टेस्ट भी कराएं। गमलों और क्यारी में रोजाना पानी देने से बचें, क्योंकि पानी खड़ा रहने पर लारवा बनता है। घर के अंदर और बाहर आसपास निगरानी रखें कि कहीं पानी खड़ा ना हो। कपड़े ऐसे पहनें कि शरीर पूरा ढका हो।इसके अलावा कूलर को अच्छे से साफ करके रख देना चाहिए और पानी की टंकी भी ढकी होनी चाहिए। हालांकि अब धीरे-धीरे तापमान ठंडा होने से डेंगू के बढ़ते मामलों से राहत मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments