Wednesday, February 18, 2026
HomeCurrent NewsBJP ने तिहाड़ जेल के बाहर किया प्रदर्शन, केजरीवाल से मुख्यमंत्री पद...

BJP ने तिहाड़ जेल के बाहर किया प्रदर्शन, केजरीवाल से मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की मांग की

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कथित आबकारी नीति घोटाले पर आधारित भ्रष्टाचार के एक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की गयी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा बरकरार रखे जाने के बाद उनके (केजरीवाल के) इस्तीफे की मांग करते हुए यहां तिहाड़ जेल के बाहर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान हाथों में तख्तियां लिये भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिहाड़ जेल के बाहर नारेबाजी की। केजरीवाल तिहाड़ जेल में बंद हैं।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने सोमवार को कथित आबकारी घोटाले से संबंधित भ्रष्टाचार के एक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की गयी मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी को बरकरार रखा था।

उच्च न्यायालय ने इसी के साथ उनकी जमानत याचिका निस्तारित कर दी थी और उन्हें राहत के लिए अधीनस्थ अदालत जाने की छूट दी थी।

सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि दिल्ली में विपक्षी पार्टी नाटक कर रही है क्योंकि वे जानते हैं कि लोग एक बार फिर विधानसभा चुनावों में उन्हें सबक सिखाएंगे।

शासन-प्रशासन के पंगु हो जाने का दावा करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि इस आदेश के बाद केजरीवाल को जेल से सरकार चलाने की हठ करने के बजाय तत्काल अपने पद से हट जाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आप सरकार का कोई भी मंत्री किसी भी मुद्दे की जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है और वे अधिकारियों पर दोष मढ़ने में व्यस्त हैं। भ्रष्टाचार नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है और दिल्ली के लोग इस अप्रिय स्थिति में पिस रहे हैं।’’

हालांकि, ‘आप’ ने दावा किया कि दिल्ली के लोगों ने माना है कि केजरीवाल एक ईमानदार नेता हैं।

सत्तारूढ़ दल ने दावा किया, “उन्होंने (केजरीवाल ने) एक ईमानदार सरकार दी है, जो दिल्ली के लोगों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए कई सुविधाएं प्रदान कर रही है जबकि अधिशेष बजट बनाए रखे हुए है।”

‘आप’ ने दावा किया कि दो वर्ष की जांच, अनगिनत पूछताछ, 500 से अधिक पन्नों का आरोपपत्र और ‘आप’ नेताओं के पीछे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को भेजकर कई गिरफ्तारियों के बाद भी एक भी रुपया नहीं मिला है।

पार्टी ने दावा किया, “ईडी अदालत ने स्पष्ट निष्कर्ष दिया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ एक भी सबूत नहीं मिला है। यहां तक ​​कि उच्चतम न्यायालय ने भी जमानत दे दी है। भाजपा द्वारा एजेंसियों का दुरुपयोग करने के कारण ही मुख्यमंत्री की जेल से रिहाई में देरी हुई है।”

केजरीवाल को सीबीआई ने 26 जून को तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किया था, जहां वह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज धनशोधन के एक मामले में न्यायिक हिरासत में बंद थे।

मुख्यमंत्री को ईडी ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। उन्हें 20 जून को धनशोधन मामले में अधीनस्थ अदालत से जमानत मिल गई थी। हालांकि, उच्च न्यायालय ने अधीनस्थ अदालत के आदेश पर रोक लगा दी थी। बाद में 12 जुलाई को उच्चतम न्यायालय ने भी उन्हें धनशोधन मामले में अंतरिम जमानत दे दी थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments