Wednesday, March 4, 2026
Home Current News रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया योग, सेना के जवानों के साथ...

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया योग, सेना के जवानों के साथ किया योग

Advertisement

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को पाकिस्तान को चेतावनी दी कि अगर भविष्य में भारत की धरती पर कोई आतंकी हमला हुआ तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे, क्योंकि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ है और भारत आतंकवाद के खिलाफ कोई भी कार्रवाई करने के लिए तैयार है।

रक्षा मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उधमपुर स्थित उत्तरी कमान के जवानों के साथ योग किया। बाद में अपने संबोधन में राजनाथ ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने पाकिस्तान को संदेश दिया कि भारत को ‘हजार घाव’ देने की उसकी नीति कभी सफल नहीं होगी।

सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भी योग सत्र में भाग लिया। सिंह शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर उधमपुर पहुंचे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह उनका जम्मू-कश्मीर का दूसरा दौरा था। उन्होंने 15 मई को कश्मीर का दौरा किया था। कुछ दिन पहले ही भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के खिलाफ सैन्य कार्रवाई बंद करने पर सहमति जताई थी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा ‘‘ऑपरेशन सिंदूर अभी समाप्त नहीं हुआ है… इस ऑपरेशन के जरिए हमने पाकिस्तान को बता दिया कि भारत में आतंकवाद जारी रखने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसका जवाब बद से बदतर होगा।”

आगे कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 की ‘एयर स्ट्राइक’ (सीमा पार) का ही विस्तारित रूप है। हमने पाकिस्तान को बता दिया है कि भारत को ‘‘हजार घाव देने” की उसकी नीति कभी सफल नहीं होगी। रक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘भारत की धरती पर कोई भी आतंकी हमला पाकिस्तान के लिए विनाशकारी साबित होगा। भारत आतंकवाद के खिलाफ किसी भी तरह की कार्रवाई करने के लिए तैयार है।”