प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में शिलॉन्ग-सिलचर कॉरिडोर का भूमि पूजन किया। इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि असम की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया है और अब देश के कई राज्यों में लोग कांग्रेस को सबक सिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और आने वाले समय में पार्टी हार का शतक लगाने की स्थिति में पहुंच सकती है।
कांग्रेस पर कसा तंज
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस में निराशा बढ़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी हताशा के चलते कांग्रेस अब देश के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान कांग्रेस नेताओं के विरोध प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि समिट को बदनाम करने के लिए कांग्रेस नेताओं ने असामान्य तरीके से विरोध प्रदर्शन किया और सार्वजनिक रूप से अपने कपड़े फाड़ दिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिखाता है कि कांग्रेस के पास अब विरोध के लिए रचनात्मक मुद्दों की कमी हो गई है।
बराक घाटी के विकास पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी के बाद सीमा निर्धारण के कारण बराक घाटी का समुद्र से संपर्क कमजोर हो गया, जिससे इस क्षेत्र की व्यापारिक ताकत प्रभावित हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस सरकारों ने बराक घाटी के विकास के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए।
डबल इंजन सरकार से बदल रही तस्वीर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार अब बराक घाटी को फिर से व्यापार के लिए प्रमुख केंद्र बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शिलॉन्ग–सिलचर कॉरिडोर पूर्वोत्तर का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर होगा। प्रधानमंत्री के अनुसार यह केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर क्षेत्र के लोगों के लंबे इंतजार का अंत है और इससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
Read More

