पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रविवार को मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अब उनकी सेहत में सुधार बताया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन द्वारा मंगलवार रात जारी हेल्थ बुलेटिन में कहा गया कि मुख्यमंत्री 16 फरवरी को नियमित जांच के लिए अस्पताल पहुंचे थे। हालांकि ज्यादा थकान महसूस होने के कारण उन्हें भर्ती होने की सलाह दी गई।
संगरूर में बिगड़ी तबीयत
15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान संगरूर के धूरी स्थित श्री रणकेश्वर महादेव शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया भी उनके साथ मौजूद थे।
मंदिर में पूजा और हवन के बाद मुख्यमंत्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके चलते उनका संगरूर के बाद प्रस्तावित फाजिल्का दौरा रद्द कर दिया गया और उन्हें तुरंत मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया।
CM मान की हालत स्थिर
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल अपडेट के अनुसार डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और जरूरी उपचार दिया जा रहा है। CM भगवंत सिंह मान को थकान की शिकायत के चलते एहतियातन अस्पताल में भर्ती किया गया था। स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार उन्हें आराम करने की हिदायत दी गई है।