BJP ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, तीन पूर्व मुख्यमंत्री, गड़करी और पीयूष गोयल का नाम शामिल

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची बुधवार को जारी कर दी, जिसमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पीयूष गोयल और अनुराग सिंह ठाकुर तथा हरियाणा के मनोहर लाल सहित तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के नाम शामिल हैं।

बता दें कि, पार्टी ने दो पूर्व केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और सदानंद गौड़ा के टिकट काट दिए हैं। हरियाणा के करनाल से मनोहर लाल और मुंबई उत्तर से पीयूष गोयल को कैंडिडेट बनाया है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई हावेरी से और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत हरिद्वार से चुनाव लड़ेंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी भी पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की जगह उन्हें पौड़ी गढ़वाल से चुनाव मैदान में उतारा है।

वहीं, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी महाराष्ट्र के नागपुर और अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से चुनाव लड़ेंगे। महाराष्ट्र के बीड निर्वाचन क्षेत्र में पंकजा मुंडे ने अपनी बहन और मौजूदा सांसद प्रीतम मुंडे की जगह ली है।

आपको बता दें कि, दूसरी सूची के साथ भाजपा ने अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए 265 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है।