Tuesday, February 10, 2026
HomeCurrent Newsरूस के स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में हमला, 4 भारतीय छात्र...

रूस के स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में हमला, 4 भारतीय छात्र घायल, दूतावास ने की हमले की कड़ी निंदा

रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में शनिवार को एक गंभीर हिंसक घटना सामने आई। उफा शहर स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में चाकू के हमले से चार भारतीय छात्रों सहित कम से कम छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।

छात्रावास में घुसकर किया हमला

शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक किशोर चाकू लेकर छात्रावास में दाखिल हुआ और वहां रह रहे छात्रों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से छात्र घबरा गए और चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। रूस के आंतरिक मंत्रालय ने बताया कि हमलावर को काबू में करने की कोशिश के दौरान उसने दो पुलिस अधिकारियों पर भी चाकू से हमला किया। इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया।

चार भारतीय छात्रों के घायल होने की पुष्टि

भारत के दूतावास ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पुष्टि की कि घायलों में चार भारतीय छात्र शामिल हैं। दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में है। कजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी उफा के लिए रवाना हो गए हैं, ताकि घायल छात्रों को हरसंभव सहायता दी जा सके।

एक छात्र की हालत गंभीर

रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हमले में घायल चार लोगों का इलाज जारी है। इनमें से एक की हालत गंभीर जबकि तीन की स्थिति स्थिर बताई गई है। उफा प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है। इस बीच टेलीग्राम चैनल ‘बाजा’ ने दावा किया है कि आरोपी एक प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन से जुड़ा था। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments