Wednesday, March 4, 2026
Home Current News Arunachal Pradesh : जमी हुई झील पर मस्ती करना युवकों को पड़ा...

Arunachal Pradesh : जमी हुई झील पर मस्ती करना युवकों को पड़ा भारी, सेला लेक में डूबने से हुई मौत

Advertisement

अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में स्थित सेला लेक में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। केरल से आए दो युवा पर्यटक झील में डूब गए। एक युवक का शव उसी दिन बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे का शव शनिवार को कड़ी मशक्कत के बाद मिला।

सात लोगों के पर्यटक समूह के साथ पहुंचे थे युवक

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान दिनु और महादेव के रूप में हुई है। दोनों असम के गुवाहाटी के रास्ते तवांग घूमने आए सात लोगों के पर्यटक समूह का हिस्सा थे।

जानें कैसे हुआ हादसा ?

यह हादसा शुक्रवार दोपहर उस समय हुआ, जब पर्यटकों का समूह जमी हुई झील के ऊपर घूम रहा था। अचानक बर्फ की सतह टूट गई और एक युवक पानी में गिर गया। उसे बचाने के लिए दिनु और महादेव झील में उतरे। पहला युवक तो बाहर निकल आया, लेकिन दोनों युवक बर्फीले पानी में बह गए।

खराब मौसम के बीच शुरू हुआ रेस्क्यू

तवांग के पुलिस अधीक्षक D.W थोंगोन ने बताया कि घटना की सूचना करीब दोपहर 3 बजे मिली। इसके बाद जिला पुलिस, सेना, ITBP और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल SDRF की संयुक्त टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। खराब मौसम और पानी के भीतर बेहद कम दिखाई देने के बावजूद शुक्रवार को एक शव बरामद कर लिया गया। हालांकि अंधेरा होने के कारण दूसरे युवक की तलाश रोकनी पड़ी।

शनिवार सुबह मिला दूसरा शव

शनिवार सुबह करीब 8 बजे फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। कई घंटों की खोज के बाद SDRF और सेना के चार गोताखोरों ने दूसरे युवक का शव भी झील से बाहर निकाल लिया।

13 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है सेला लेक

SP थोंगोन ने बताया कि सेला लेक करीब 13 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर स्थित है। सर्दियों में झील की सतह पर बर्फ जम जाती है, जो देखने में मजबूत लगती है, लेकिन एक व्यक्ति का भार नहीं सहन कर सकती है।

प्रशासन की चेतावनी के बावजूद हादसा

पुलिस ने बताया कि सेला लेक समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और पर्यटकों को जमी हुई झीलों पर न जाने की सलाह दी जाती है। दिसंबर में भी जिला प्रशासन ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया था।