आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर में भगदड़ मचने से 6 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में 5 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। भगदड़ के कारण कई लोगों के घायल होने की खबर है। इस हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। तिरुपति में वार्षिक वैकुंठ दर्शन टिकट काउंटरों पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने वैकुंठ एकादशी 2025 के लिए ऑनलाइन बुकिंग और टिकट जारी करना शुरू कर दिया।
सीएम ने क्या कहा?
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने तिरुपति में विष्णु निवासम के पास तिरुमाला श्रीवारी वैकुंठ द्वार में दर्शन के लिए टोकन लेने के लिए मची भगदड़ में 6 श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख जताया है। वहीं, राज्य की गृह मंत्री अनीता ने भी इस हादसे पर दुख जताया है।
सीएम चंद्रबाबू ने कहा, “तिरुपति में विष्णु निवासम के पास तिरुमाला श्रीवारी वैकुंठ द्वार में दर्शन के लिए टोकन लेने के लिए मची भगदड़ में कई श्रद्धालुओं की मौत ने मुझे झकझोर दिया है। टोकन लेने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एकत्र होने के दौरान हुई इस दुखद घटना ने मुझे बहुत परेशान किया है। उनमें से कुछ की हालत गंभीर होने की सूचना के मद्देनजर मैंने उच्च अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत उपाय करने के निर्देश दिए हैं। ताकि घायलों को बेहतर चिकित्सा मुहैया कराई जा सके और उनकी जान बचाई जा सके।
मैं समय-समय पर जिला और टीटीडी अधिकारियों से बात कर स्थिति का जायजा ले रहा हूं।” सरकार की ओर से जारी बयान में घायलों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। गृह मंत्री अनिता ने तिरुपति जिले के एसपी सुब्बारायडू से फोन पर बात की और विस्तृत जानकारी ली।
CM चंद्रबाबू नायडू ने कहा, “मैं माननीय गृह मंत्री से रुइया अस्पताल के आपातकालीन सेवा विभाग में स्थिति को नियंत्रित करने का अनुरोध करता हूं। गृह मंत्री ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का आदेश दिया है।”
फ्री टिकट की वजह से हुई भगदड़?
अचानक काउंटर खुलने से भीड़ बेकाबू हो गई और टिकटों के लिए अफरा-तफरी मच गई। इस बीच आपको बता दें कि तिरुपति मंदिर ने वैकुंठ एकादशी पर्व के लिए करीब 1.20 हजार मुफ्त टिकट देने का ऐलान किया था।

