मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि ईरान के हमलों के दौरान एक मिशन में कुवैत की एयर डिफेंस सिस्टम ने ‘गलती से’ अमेरिकी वायुसेना के तीन F-15E स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमानों को मार गिराया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में ईरानी विमानों, बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन हमलों का जवाब दिया जा रहा था।
सभी छह एयरक्रू सुरक्षित
अमेरिकी बयान के मुताबिक, सभी छह एयरक्रू सुरक्षित रूप से इजेक्ट करने में सफल रहे और उन्हें सुरक्षित निकाल लिया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई गई है। कुवैत ने इस घटना को स्वीकार किया है। अमेरिकी सेना ने अभियान में सहयोग के लिए कुवैती रक्षा बलों का आभार भी जताया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए क्रैश के वीडियो
घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो गए हैं। एक वीडियो में विमान के जमीन पर गिरने से पहले पायलट को इजेक्ट करते देखा जा सकता है। अन्य वीडियो में स्थानीय लोगों और कुवैती अधिकारियों द्वारा पायलट को सुरक्षित स्थान पर ले जाते हुए दिखाया गया है। हालांकि इन वीडियो की पुष्टि आधिकारिक तौर पर नहीं की गई है।
क्या है F-15 स्ट्राइक ईगल?
F-15 स्ट्राइक ईगल एक 4.5 पीढ़ी का मल्टी-रोल फाइटर जेट है, जिसका इस्तेमाल एयर सुपीरियॉरिटी और ग्राउंड स्ट्राइक मिशनों में किया जाता है। अमेरिकी वायुसेना के पास वर्तमान में लगभग 334 F-15 सीरीज के विमान सक्रिय सेवा में हैं, जिनमें F-15C, F-15D, F-15E और नवीनतम F-15EX वेरिएंट शामिल हैं।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।