Rajasthan : मेडल लेने पहुंचीं बूढ़ी मां हुई बेहोश, भारत की रक्षा करते बलिदान हुए थे लान्स नायक प्रदीप कुमार

जयपुर में आर्मी डे सेलिब्रेशन के दौरान एक बहुत ही इमोशनल पल देखने को मिला। शहीद लांस नायक प्रदीप कुमार की मां अपने बेटे का मेडल लेते समय स्टेज पर बेहोश हो गईं।

Jan 15, 2026 - 18:19
Jan 15, 2026 - 18:20
 108
Rajasthan : मेडल लेने पहुंचीं बूढ़ी मां हुई बेहोश, भारत की रक्षा करते बलिदान हुए थे लान्स नायक प्रदीप कुमार

राजस्थान की राजधानी में गुरुवार को सेना दिवस के अवसर पर एक ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। शहीद लांस नायक प्रदीप कुमार की मां उस वक्त खुद को संभाल नहीं सकीं, जब उन्हें अपने बेटे का वीरता पदक लेने के लिए मंच पर बुलाया गया। बेटे की शहादत का दर्द उस पल उमड़ पड़ा और वह मंच पर ही बेसुध होकर गिर पड़ीं। मौके पर मौजूद सेना के जवानों ने तुरंत उन्हें संभाला।

लांस नायक प्रदीप कुमार ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए थे। 1 पैरा स्पेशल फोर्स के इस जांबाज़ सैनिक को उनकी वीरता और सर्वोच्च बलिदान के लिए मरणोपरांत सेना मेडल से सम्मानित किया गया।

सम्मान ग्रहण करते वक्त मंच पर बेहोश हुई मां

सेना के विशेष आमंत्रण पर शहीद की मां बेटे का सम्मान ग्रहण करने मंच पर पहुंचीं थीं, लेकिन जैसे ही वह मंच पर आईं, भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। बेटे की यादों से घिरी मां खुद पर काबू नहीं रख पाईं और बेहोश हो गईं। तुरंत सैन्य कर्मियों ने उन्हें सहारा दिया और मंच से नीचे उतारकर आर्मी एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।

फिलहाल वह सेना के डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान लांस नायक प्रदीप कुमार ने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में दुश्मन का सामना करते हुए असाधारण बहादुरी दिखाई थी। इसी दौरान वह वीरगति को प्राप्त हुए और देश के लिए अमर हो गए।

इन वीर जवानों को मिला सेना मेडल

गुलाबी नगरी के महल रोड पर आयोजित 78वें सेना दिवस समारोह में भारतीय सेना की ताकत और शौर्य का भव्य प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी की उपस्थिति में परेड आयोजित हुई। कार्यक्रम के दौरान देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पांच वीर सैनिकों-
सूबेदार मेजर पवन कुमार, हवलदार सुनील कुमार, लांस नायक दिनेश कुमार, लांस नायक सुभाष कुमार और लांस नायक प्रदीप कुमार-को मरणोपरांत सेना मेडल (वीरता) से सम्मानित किया गया।

आधुनिक हथियारों ने दिखाई सेना की ताकत

समारोह के दौरान भारतीय सेना के आधुनिक और स्वदेशी हथियारों का भी प्रदर्शन किया गया। अर्जुन टैंक, के-9 वज्र तोप, धनुष आर्टिलरी गन और ब्रह्मोस मिसाइल जैसे अत्याधुनिक हथियारों ने देश की सैन्य क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस गरिमामय आयोजन में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : जल्द शुरु होंगे प्राइवेट स्कूलों के EWS एडमिशन, जानें किन डॉक्यूमेंट्स...

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow