Punjab : नकोदर में पुलिस मुठभेड़, गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
जालंधर जिले में नकोदर पुलिस ने विदेशी गैंग के नाम पर दी जा रही धमकियों से जुड़ी जबरन वसूली और फायरिंग की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया।
जालंधर जिले में नकोदर पुलिस ने विदेशी गैंग के नाम पर दी जा रही धमकियों से जुड़ी जबरन वसूली और फायरिंग की साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो शिकायतकर्ता के कार्यालय के बाहर फायरिंग कर दहशत फैलाने और दोबारा वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित मनीष बख्शी को 11 नवंबर को विदेशी नंबरों से फोन कॉल आए थे। कॉल करने वालों ने खुद को गोल्डी बराड़ और रोहित गोधरा गैंग से जुड़ा बताते हुए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की थी। इस संबंध में थाना सिटी नकोदर में मामला दर्ज कराया गया। इसके बाद 16 और 17 जनवरी की रात आरोपियों ने धमकी भरे संदेश भेजते हुए दावा किया कि रकम न देने पर उनके दफ्तर के बाहर फायरिंग की जा चुकी है।
आरोपियों ने पुलिस पर की फायरिंग
एसएसपी जालंधर ग्रामीण एस. हरविंदर सिंह विर्क के निर्देश पर डीएसपी ओंकार सिंह बराड़, डीएसपी इंदरजीत सिंह सैनी, सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर पुष्प बाली, एसएचओ सिटी नकोदर एसआई हरमिंदर सिंह और एसआई दिलबाग सिंह की टीमों ने एजीटीएफ के साथ संयुक्त अभियान चलाया।
खुफिया सूचना के आधार पर नूरमहल रोड स्थित बीर गांव फाटक से सरकापुर लिंक रोड पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्धों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित कुमार को गोली लगी, जबकि हरिंदर गुप्ता के पैर में फ्रैक्चर आ गया। दोनों को काबू कर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से .30 बोर की पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
यूपी और बिहार के मूल निवासी
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले से दर्ज मामलों में नामजद थे और रंगदारी की रकम न मिलने पर शिकायतकर्ता को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। अंकित मूल रूप से सीतामढ़ी (बिहार) का रहने वाला है और फिलहाल बस्ती जोधेवाली, लुधियाना में रह रहा था।
वहीं, हरिंदर गुप्ता गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है, जो वर्तमान में जगत नगर, लुधियाना में रह रहा था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गहन जांच जारी है और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : दिल्ली में लापता लोगों के आंकड़ों से डर का माहौल, रोज 54 गायब, 15 दिनों में 807...
What's Your Reaction?