दुनिया के 100 पावरफुल सिखों में चमका पंजाब CM भगवंत सिंह मान का नाम, दिलजीत दोसांझ, गिप्पी ग्रेवाल की भी दिखी तस्वीर

एक सिख ग्रुप ने दुनिया भर के 100 प्रभावशाली सिखों की एक लिस्ट जारी की है।

Feb 3, 2026 - 18:17
 8
दुनिया के 100 पावरफुल सिखों में चमका पंजाब CM भगवंत सिंह मान का नाम, दिलजीत दोसांझ, गिप्पी ग्रेवाल की भी दिखी तस्वीर
CM Bhagwant Singh Mann

द सिख ग्रुप द्वारा दुनियाभर के 100 सबसे प्रभावशाली सिखों की सूची जारी की गई है। इस सूची की खास बात यह है कि शीर्ष 10 में से 8 स्थानों पर धार्मिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिष्ठित सिख व्यक्तित्व शामिल हैं। पहले स्थान पर श्री हजूर साहिब के जत्थेदार संत बाबा कुलवंत सिंह को रखा गया है, जबकि दूसरे नंबर पर अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज हैं।

तीसरे पायदान पर विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय पाल सिंह बंगा ने जगह बनाई है। वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर रहे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, कनाडा सरकार में मंत्री मनिंदर सिंह सिद्धू, उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह और प्रसिद्ध कलाकार दिलजीत दोसांझ, गिप्पी ग्रेवाल तथा गुरप्रीत सिंह घुग्गी भी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल किए गए हैं।

संस्था के अध्यक्ष डॉ. नवदीप बंसल ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य सिख समुदाय की वैश्विक पहचान को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सूची में शामिल लगभग 50 प्रतिशत हस्तियां भारत से हैं, जिससे युवा पीढ़ी को यह जानने और समझने का अवसर मिलेगा कि सिख समाज ने विभिन्न क्षेत्रों में किस ऊंचाई तक पहुंच बनाई है।

The Sikh 100 - 13th Edition: A Global Tribute to Sikh Brilliance -  Babushahi.com

यहां देखें टॉप 10 प्रभावशाली सिखों के नाम

1. संत बाबा कुलवंत सिंह जी - जत्थेदार, श्री हजूर साहिब

1 मई 1967 को नांदेड़ साहिब में जन्मे संत बाबा कुलवंत सिंह जी सिख धर्म के प्रमुख धार्मिक नेताओं में गिने जाते हैं। उनके परिवार की सिख परंपराओं में गहरी आस्था रही है।

2. ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज - जत्थेदार, अकाल तख्त साहिब

वे सिखों की सर्वोच्च धार्मिक और सियासी पीठ अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार हैं और पूरे सिख पंथ में उनका विशेष सम्मान है।

3. अजय पाल सिंह बंगा - अध्यक्ष, वर्ल्ड बैंक

अजय पाल सिंह बंगा वर्तमान में विश्व बैंक समूह का नेतृत्व कर रहे हैं। इससे पहले वे मास्टरकार्ड में सीईओ और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन जैसे अहम पदों पर रह चुके हैं।

4. हरजिंदर सिंह धामी - अध्यक्ष, एसजीपीसी

सिख वकील हरजिंदर सिंह धामी वर्ष 2021 से शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के 30वें अध्यक्ष के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।

5. भगवंत मान - मुख्यमंत्री, पंजाब

पूर्व कलाकार और कॉमेडियन रहे भगवंत सिंह मान वर्ष 2022 से पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के तौर पर राज्य की कमान संभाल रहे हैं।

6. जत्थेदार बाबा बलबीर सिंह जी - जत्थेदार, बुड्ढा दल

1964 में पटियाला में जन्मे बाबा बलबीर सिंह जी को बुड्ढा दल के 14वें जत्थेदार के रूप में नियुक्त किया गया था।

7. संत बाबा अवतार सिंह जी - आध्यात्मिक प्रमुख, बिधि चंद दल

वे बिधि चंद दल के वर्तमान जत्थेदार हैं और उन्हें बाबा बिधि चंद जी का वंशज माना जाता है।

8. भाई साहिब मोहिंदर सिंह जी - आध्यात्मिक गुरु, GNNSJ

1995 से निष्काम ग्रुप ऑफ चैरिटेबल ऑर्गनाइजेशन्स के चेयरमैन रहे मोहिंदर सिंह जी, गुरु नानक निष्काम सेवक जत्था की आध्यात्मिक परंपरा के प्रमुख स्तंभ हैं।

9. संत बाबा निहाल सिंह जी - जत्थेदार, मिसल शहीदां तरना दल

हरियां बेलन स्थित मिसल शहीदां तरना दल के जत्थेदार संत बाबा निहाल सिंह जी सिख सिद्धांतों के सशक्त प्रतिनिधि माने जाते हैं।

10. संत बाबा गुरदेव सिंह जी - आध्यात्मिक नेता, शहीदी बाग

आनंदपुर साहिब स्थित गुरुद्वारा शहीदी बाग साहिब के आध्यात्मिक मार्गदर्शक संत बाबा गुरदेव सिंह जी सिख समाज में विशेष श्रद्धा का स्थान रखते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow