Punjab : CM मान ने PM मोदी के सामने हलवारा एयरपोर्ट का नाम बदलने  की रखी मांग, जानें किस नाम का दिया सुझाव

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर टर्मिनल बिल्डिंग का वर्चुअली उद्घाटन किया। लुधियाना में पिछले एयरपोर्ट का रनवे काफी छोटा था।

Feb 2, 2026 - 12:12
Feb 2, 2026 - 12:13
 10
Punjab : CM मान ने PM मोदी के सामने हलवारा एयरपोर्ट का नाम बदलने  की रखी मांग, जानें किस नाम का दिया सुझाव
Punjab CM Bhagwant Singh Mann

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हलवारा एयरपोर्ट का नाम स्वतंत्रता सेनानी शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखने का आग्रह किया है। उन्होंने यह मांग लुधियाना स्थित हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान रखी।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार, 1 फरवरी को वर्चुअल माध्यम से टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। सीएम मान ने कहा कि, शहीद करतार सिंह सराभा का योगदान देश के स्वतंत्रता संग्राम में ऐतिहासिक रहा है और उनके नाम पर एयरपोर्ट का नामकरण राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।

पीएम मोदी ने बदला आदमपुर एयरपोर्ट का नाम 

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संत गुरु रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर पंजाब के आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर श्री गुरु रविदास महाराजजी एयरपोर्ट रखने की घोषणा की। केंद्रीय बजट 2026 संसद में पेश होने के कुछ ही घंटों बाद प्रधानमंत्री आदमपुर पहुंचे थे, जहां उन्होंने यह घोषणा की।

टर्मिनल बिल्डिंग : पंजाब के लिए नया प्रवेश द्वार

हलवारा एयरपोर्ट पर बनी नई टर्मिनल बिल्डिंग को पंजाब के एविएशन सेक्टर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह एयरपोर्ट लुधियाना और आसपास के औद्योगिक व कृषि क्षेत्रों के लिए एक नए गेटवे के रूप में उभर रहा है। इससे पहले लुधियाना में मौजूद एयरपोर्ट का रनवे सीमित लंबाई का था, जिसके कारण वहां केवल छोटे विमानों का संचालन संभव था।

हवाई संपर्क को मजबूत करने और बड़े विमानों के संचालन को संभव बनाने के लिए हलवारा में एक नया सिविल एन्क्लेव विकसित किया गया है। यहां बना लंबा रनवे ए-320 श्रेणी के विमानों की आवाजाही के लिए उपयुक्त है। यह पहल क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

पर्यावरण के अनुकूल और ऊर्जा-सक्षम टर्मिनल

प्रधानमंत्री के सतत और पर्यावरण-संवेदनशील विकास के दृष्टिकोण के अनुरूप हलवारा एयरपोर्ट टर्मिनल को ग्रीन फीचर्स से लैस किया गया है। इसमें एलईडी लाइटिंग, इंसुलेटेड रूफिंग, वर्षा जल संचयन प्रणाली, सीवेज और जल शोधन संयंत्र शामिल हैं। इसके अलावा लैंडस्केपिंग के लिए पुनर्चक्रित पानी का उपयोग किया जा रहा है।

पंजाबी संस्कृति से प्रेरित वास्तुशिल्प

टर्मिनल बिल्डिंग का वास्तुशिल्प डिजाइन पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। यह यात्रियों को एक अलग और क्षेत्रीय पहचान से जुड़ा अनुभव प्रदान करता है।

रविदास जयंती पर डेरा सचखंड बल्लां जाएंगे पीएम मोदी

रविदास जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डेरा सचखंड बल्लां भी जाने वाले हैं। यह स्थल रविदासिया समुदाय का प्रमुख धार्मिक केंद्र है, जिसका पंजाब के दोआबा क्षेत्र - जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर और कपूरथला में गहरा प्रभाव है।

यह भी पढ़ें : जालंधर के सरकारी शौचलय में मिला युवक का शव...

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow