Punjab : BJP अकेले लड़ेगी विधानसभा चुनाव, SAD संग गठबंधन पर अश्विनी शर्मा ने तोड़ी चुप्पी

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने BJP और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की जरूरत पर ज़ोर दिया है, जबकि BJP के अश्विनी शर्मा ने कहा है कि उनकी पार्टी पंजाब की सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।

Dec 2, 2025 - 03:59
Dec 2, 2025 - 16:02
 43
Punjab : BJP अकेले लड़ेगी विधानसभा चुनाव, SAD संग गठबंधन पर अश्विनी शर्मा ने तोड़ी चुप्पी
Ashwani Sharma BJP

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शिरोमणि अकाली दल के साथ भाजपा के गठबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया है, जबकि भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी पंजाब की सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने को तैयार है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एक मीडिया इंटरव्यू में कहा कि यदि भाजपा 2027 में सत्ता में लौटना चाहती है तो शिअद के साथ हाथ मिलाना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा नहीं किया तो सिर्फ 2027 ही नहीं, बल्कि 2032 और 2037 की उम्मीदें भी धूमिल हो जाएंगी। 

अश्वनी शर्मा कैप्टन की राय को बताया व्यक्तिगत 

भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि ‘कैप्टन अमरिंदर सिंह वरिष्ठ नेता हैं और दो बार पंजाब के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। यह उनके व्यक्तिगत विचार हैं। हमारी पार्टी सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।’ उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा पहले भी 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव अकेले लड़ चुकी है और लगातार पंजाब में अपनी जड़ें मजबूत कर रही है।

कैप्टन अमरिंदर ने दिया था ये बयान 

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि यदि भाजपा को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करनी है, तो उसे शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन करना अनिवार्य है। उनका मानना है कि राज्य की राजनीतिक और सामाजिक जटिलताओं को केवल स्थानीय साझेदारी और गठबंधन के माध्यम से ही संभाला जा सकता है।

कैप्टन ने तर्क दिया कि पंजाब के ग्रामीण इलाकों में भाजपा का आधार कमजोर है, जबकि अकाली दल का मजबूत समर्थन है। इसलिए दोनों पार्टियों को एक-दूसरे की मजबूरी समझकर साथ आना होगा, तभी पंजाब में सरकार बनाना संभव होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह उनका व्यक्तिगत अनुभव है और अगर भाजपा अकाली दल से गठबंधन नहीं करती, तो 2027 और 2032 के चुनावों में सरकार बनाने की उम्मीद लगभग खत्म हो जाएगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने क्या कहा?

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की ओर से कुछ दिन पहले इसी मामले पर प्रतिक्रिया समाने आई थी, जिसमेें उन्होंने कहा था कि BJP 2027 में सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। साथ ही, उन्होंने कहा कि “हमारा रुख साफ है-BJP पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी। अकाली दल के साथ अब कोई गठबंधन नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी ने तरनतारन उपचुनाव भी अकेले लड़ने का फैसला किया था। रवनीत बिट्टू ने SAD पर पलटवार करते हुए कहा कि BJP को अपनी साख जनता के बीच खुद बनानी होगी, किसी पुराने गठबंधन के सहारे नहीं।

कैप्टन अमरिंदर सिंह का राजनीतिक सफर

कैप्टन अमरिंदर सिंह का लंबा राजनीतिक करियर कई दल-बदल और गठबंधनों से जुड़ा रहा है। आइए जानते हैं-

1980 में कांग्रेस से राजनीति की शुरुआत की।

1984 में कई मुद्दों पर विवाद के बाद कांग्रेस पार्टी छोड़ी और अकाली दल में शामिल हुए।

1992 में अलग होकर अकाली दल (पंथिक) बनाया, जिसका बाद में कांग्रेस में विलय हो गया

26 फरवरी 2002 को पंजाब के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और 2007 तक इस पद पर कार्यरत रहे।

16 मार्च 2017 को पंजाब के मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली। यह उनका दूसरा कार्यकाल था, जो सितंबर 2021 तक रहा। 

2021 में कांग्रेस छोड़कर पंजाब लोक कांग्रेस बनाई, जो बाद में 2022 में BJP में विलय हो गई।

2022 में किसको कितनी मिली सीटें?

2022 विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (AAP) ने 117 में से 92 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया। कांग्रेस 18 सीटों पर सिमट गई, जबकि SAD को केवल 3 सीटें मिलीं और BJP एक भी सीट नहीं जीत सकी। अब 2027 की तैयारी में BJP अपना कैडर मजबूत करने, पार्टी ढांचा खड़ा करने, और शहरी के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में पकड़ बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।

BJP के साथ कब टूटा गठबंधन

शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन की शुरुआत 1997 में हुई  और 24 साल तक चला। सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध के दौरान SAD ने NDA से नाता तोड़ लिया, क्योंकि पंजाब के किसान इन कानूनों का कड़ा विरोध कर रहे थे। हालांकि बाद में केंद्र सरकार ने ये कानून वापस ले लिए, लेकिन दोनों दलों के रिश्ते तब से लेकर अब तक सामान्य नहीं हो सके। 

यह भी पढ़ें : पैरी मर्डर के बाद गोल्डी बराड़ का ऑडियो Viral...

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

MH One News As a passionate news reporter, I am driven by an insatiable curiosity and an unwavering commitment to truth. With a keen eye for detail and a relentless pursuit of stories, I strive to deliver timely and accurate information that empowers and engages readers.