पंजाब की राजनीति का सियासी उलटफेर , जानें 2025 का पूरा लेखा-जोखा

साल 2025 पंजाब की राजनीति के लिए बेहद अहम रहा है। जहां सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी अपने तीन साल के विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं को जनता के सामने पेश कर रही है

Dec 23, 2025 - 19:13
Dec 23, 2025 - 19:14
 15
पंजाब की राजनीति का सियासी उलटफेर , जानें 2025 का पूरा लेखा-जोखा

साल 2025 पंजाब की राजनीति के लिए बेहद अहम रहा है। जहां सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी अपने तीन साल के विकास कार्यों और जनकल्याण योजनाओं को जनता के सामने पेश कर रही है, वहीं विपक्षी दल सरकार को कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और नशे के मुद्दों पर घेरने की रणनीति बना रहे हैं। गांव-गांव में जनसभाओं, शक्ति प्रदर्शनों और राजनीतिक बैठकों का दौर जारी है। पंजाब की सियासी जमीन पर नए समीकरण बनते और पुराने गठबंधन टूटते नजर आ रहे हैं। आने वाले महीनों में राज्य की राजनीति में बड़े उलटफेर देखने को मिल सकते हैं, जो 2026 के आम चुनावों की दिशा तय करेंगे।

  •  पंजाब के पूर्व BJP प्रभारी विजय रूपाणी का निधन

गुजरात के अहमदाबाद में हुए भयावह विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया। एअर इंडिया का एक विमान टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गया, जिसमें सवार 200 से अधिक यात्रियों की मौत हो गई। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब भाजपा के प्रभारी विजय रूपाणी की भी मृत्यु हो गई है। उनके निधन की पुष्टि गुजरात भाजपा अध्यक्ष सी.आर. पाटिल ने की है। विजय रूपाणी का जन्म 2 अगस्त 1956 को म्यांमार के यांगून में हुआ था। बचपन में उनका परिवार गुजरात के राजकोट आ गया था। उन्होंने धर्मेंद्र सिंह जी कला कॉलेज सौराष्ट्र विश्वविद्यालय से कला और LLB की डिग्री हासिल की थी। रूपाणी का राजनीतिक सफर बेहद सक्रिय रहा। वे 2006 से 2012 तक राज्यसभा सदस्य रहे और बाद में 2016 में गुजरात के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने दो कार्यकालों में, अगस्त 2016 से दिसंबर 2017 और दिसंबर 2017 से सितंबर 2021 तक, राज्य की कमान संभाली। वे कुल पांच वर्ष और 37 दिन तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे। सितंबर 2022 में उन्हें पंजाब और चंडीगढ़ भाजपा का प्रभारी बनाया गया था।

  • सुखबीर सिंह बादल पर हुआ हमला

शिरोमणि अकाली दल के पूर्व अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल ने अपने ऊपर श्री हरमंदिर साहिब में हुए हमले के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सुखबीर बादल की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि हमले का आरोपी नारायण सिंह चौड़ा जेल से बाहर आ गया है, जबकि उनकी सुरक्षा को अब भी खतरा है। याचिका में मांग की गई है कि इस पूरे मामले की जांच CBI या NIA को सौंपी जाए। 4 दिसंबर को श्री हरमंदिर साहिब में सेवा के दौरान खालिस्तान समर्थक नारायण सिंह चौड़ा ने सुखबीर सिंह बादल पर गोली चलाई थी। सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चौड़ा को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में अमृतसर कोर्ट ने कहा कि जांच पूरी हो चुकी है, इसलिए उसे जमानत दे दी गई।

गौरतलब है कि चौड़ा पर पहले भी UAPA के तहत कई मामले दर्ज हैं और उसका संबंध बब्बर खालसा इंटरनेशनल और खालिस्तान लिबरेशन आर्मी से बताया जाता है। खुफिया एजेंसियों ने पहले भी चेतावनी दी थी कि वह बादल परिवार को निशाना बना सकता है।

  • 2025 में 58,962 लोगों को मिली सरकारी नौकरियां 

पंजाब में इस वर्ष बड़ी संख्या में लोगों को सरकारी नौकरी मिली है। इस की पुष्टी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने की। उन्होंने अपने एक बयान में कहा कि पिछले साढ़े तीन सालों में आम आदमी पार्टी सरकार ने 58,962 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि बेरोजगारी समाज की जड़ समस्या है, और इसे खत्म करने के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।

  • पंजाब के तरनतारन और लुधियाना में उपचुनाव

पंजाब के तरनतारन हलके से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल (66) का 27 जून 2025 को निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे और अमृतसर के एस्कॉर्ट अस्पताल में इलाज करवा रहे थे। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में वह पहली बार विधायक बने थे। डॉ. सोहल पेशे से नेत्र रोग विशेषज्ञ थे और 2016 से आप पार्टी से जुड़े हुए थे। वह आप के बौद्धिक विंग के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी सक्रिय रहे। उनके निधन की खबर फैलते ही तरनतारन और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई।

इसके बाद पंजाब की तरनतारन विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव हुआ, जिसके नतीजे 14 नवंबर 2025 को घोषित हुआ। हालांकि इस सीट पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित करते हुए जीत दर्ज की है। आप के उम्मीदवार हरमीत सिंह ने विपक्षी दलों को कड़ी टक्कर देते हुए शानदार विजय हासिल की। 

पंजाब की राजनीति से एक और दुखद खबर सामने आई है, जब लुधियाना पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी की सिर में गोली लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गोगी अपने घर पर लाइसेंसी पिस्टल साफ कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई और उनके सिर में जा लगी। गोली चलने की आवाज सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे सोमवार, 23 जून 2025 को घोषित कर किए गए। पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखते हुए शानदार जीत दर्ज की है। आप के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण आशू को हराया। 

  • शिरोमणि अकाली दल वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया हुए गिरफ्तार

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने 25 जून 2025 को शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को अमृतसर के एक पॉश इलाके स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। उन पर 540 करोड़ रुपये से अधिक की ड्रग मनी को वैध बनाने (मनी लॉन्ड्रिंग) के गंभीर आरोप हैं। यह कार्रवाई 2021 में दर्ज रिपोर्ट और विजिलेंस की ताजा जांच के आधार पर की गई विजिलेंस की शुरुआती जांच में सामने आया कि मजीठिया और उनके सहयोगियों ने ड्रग कारोबार से जुड़ी 540 करोड़ रुपये से अधिक की रकम को अलग-अलग माध्यमों से सफेद किया। यह मामला 2013 में ईडी की उस जांच से जुड़ा है, जिसमें 6,000 करोड़ रुपये के सिंथेटिक ड्रग रैकेट का पर्दाफाश हुआ था।

  • भष्ट्राचार के खिलाफ पंजाब सरकार

पंजाब सरकार भष्ट्राचार के सख्त खिलाफ है। इसी कड़ी में DIG हरचरण सिंह भुल्लर को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि इन्हें 16 अक्टूबर 2025 को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने उन्हें 5 लाख रुपये रिश्वत लेने के मामले में गिरफ्तार किया था। सूत्रों के मुताबिक, CBI ने भुल्लर और उनके सहयोगी बिचौलिए कृष्णु शारदा को मंडी गोबिंदगढ़ के स्क्रैप डीलर आकाश बत्ता से आठ लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में पकड़ा था। गिरफ्तारी के बाद CBI ने भुल्लर के चंडीगढ़ के सेक्टर-40 स्थित घर पर छापा मारा था, जहां से 7.5 करोड़ रुपये नकद, 2.5 किलो सोना और कई बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज बरामद हुए थे। इसके बाद एजेंसी ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का अलग मामला दर्ज किया।

  • पंजाब किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने तोड़ा अनशन

पंजाब के वरिष्ठ किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने लगभग एक साल से चल रहे आमरण अनशन को समाप्त कर दिया। उन्होंने यह अनशन किसानों की प्रमुख मांगों विशेषकर फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी को लेकर 26 नवंबर 2024 को शुरू किया था। उन्होंने केंद्र सरकार से MSP पर कानून, किसानों के खिलाफ दर्ज मामलों की वापसी और किसानों के कल्याण से जुड़ी अन्य मांगों को स्वीकार करने की अपील की थी। हालांकि किसानों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने कहा कि “आप सभी ने मुझसे आमरण अनशन खत्म करने को कहा है। आंदोलन को जीवित रखने के लिए मैं आपका ऋणी हूं। मैं आपकी भावनाओं और आदेश का सम्मान करता हूं।”

  • पंजाब के राज्यसभा की सीटों पर AAP का दबदबा

पंजाब में राज्यसभा की कुल 7 सीटें हैं और वर्तमान में सभी सीटों पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने जीत हासिल की है। यह पहली बार है जब किसी एक पार्टी का राज्यसभा में पंजाब से पूर्ण नियंत्रण है। राज्यसभा में आप के मौजूदा सदस्य हैं राघव चड्ढा, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, संदीप पाठक, अशोक मित्तल, विक्रमजीत सिंह साहनी, बलबीर सिंह सीचेवाल और हाल ही में शपथ लेने वाले राजिंदर गुप्ता। राजिंदर गुप्ता ने संजीव अरोड़ा के स्थान पर राज्यसभा सदस्य के रूप में पदभार संभाला है। संजीव अरोड़ा ने इस साल लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद विधायक पद ग्रहण किया था, जिसके चलते उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था।

  • पंजाब सरकार ने चौथा बजट विधानसभा में किया पेश

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आम आदमी पार्टी सरकार का चौथा बजट विधानसभा में पेश किया। इस बजट में युवाओं को नशों से दूर कर खेलों और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर खास जोर दिया गया है। राज्य में पहली बार ‘ड्रग जनगणना’ की जाएगी ताकि नशे के फैलाव और पुनर्वास केंद्रों की स्थिति का सटीक पता चल सके। इसके लिए ₹150 करोड़ का प्रावधान किया गया है। इस बजट में जनता ये प्रमुख घोषणाएं हुई हैं-

  • 65 लाख परिवारों को ₹10 लाख का स्वास्थ्य बीमा कवर।
  • सरबत सेहत बीमा योजना के लिए ₹778 करोड़ आवंटित।
  • आम आदमी क्लीनिकों के लिए ₹268 करोड़।
  • रंगला पंजाब विकास योजना के तहत हर विधानसभा क्षेत्र के लिए ₹5 करोड़- कुल ₹585 करोड़।
  • डायल 112 सेवा को सशक्त करने के लिए 758 चार-पहिया और 916 दो-पहिया वाहन खरीदे जाएंगे।
  • महिलाओं को फ्री बस यात्रा जारी रहेगी, इसके लिए ₹450 करोड़ का प्रावधान।
  • 300 यूनिट मुफ्त बिजली और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए ₹7,614 करोड़ का बजट प्रस्तावित।
  • मक्का उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए प्रति हेक्टेयर ₹17,500 की सहायता।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Ram Janam Chauhan राम जन्म चौहान नवंबर 2025 से MH One News चैनल में बतौर कंटेंट राइटर जुड़े हुए हैं। वर्तमान में वह राजनीति, ट्रेंडिंग टॉपिक और अपराध से जुड़ी खबरें लिखते हैं। उन्हें सेहत और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर भी खबरें लिखने में विशेष रुचि है। राम जन्म ने दिल्ली के डॉ. भीमराव आंबेडकर कॉलेज से हिंदी पत्रकारिता में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की हुई है। राम जन्म विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुके हैं। जागरण न्यू मीडिया में वेब कंटेंट राइटर के रूप में भी काम किया है। जी मीडिया कॉर्पोरेशन लिमिटेड में ‘The Health Site’ के लिए सोशल मीडिया ऑप्टिमाइजेशन (SMO) और ‘Techclusive’ के लिए कंटेंट राइटिंग की है।