India-US ट्रेड डील पर PM मोदी का बड़ा बयान - ‘भारत का सेंटर स्टेज पर आना सदी की सबसे बड़ी घटना’
NDA सांसदों की एक मीटिंग को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया का सिस्टम अब भारत के पक्ष में बदल रहा है, यह ट्रेंड COVID-19 के बाद साफ हो गया है।
“मैंने पहले ही कहा था कि वैश्विक व्यवस्था बदलेगी और अब वह बदलाव भारत के हक में हो रहा है”-जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए सांसदों की बैठक में ये शब्द कहे, पूरा सभागार ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज उठा। भारत-अमेरिका के बीच हुई टैरिफ डील के बाद आयोजित इस बैठक में पीएम मोदी का सांसदों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। पूरे माहौल में उत्साह और जोश साफ झलक रहा था।
भारत के पक्ष में बदलता वैश्विक संतुलन
एनडीए की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड के बाद दुनिया में बड़ा बदलाव दिखा है। उन्होंने दोहराया कि जिस वर्ल्ड ऑर्डर के बदलने की बात उन्होंने पहले कही थी, वह अब हकीकत बन रहा है और उसका झुकाव भारत की ओर है।
पीएम मोदी ने कहा कि अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील से सकारात्मक माहौल बना है। भले ही इस पर पहले आलोचनाएं हुई हों, लेकिन सरकार ने संयम और धैर्य बनाए रखा और उसी का नतीजा आज सामने है। इससे देश में मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और गुणवत्ता वाले उत्पादों का निर्माण होगा।
चुनाव जीतने के लिए जनता से जुड़ाव जरूरी
प्रधानमंत्री ने एनडीए सांसदों को याद दिलाया कि चुनाव जीतने के लिए जनता के साथ निरंतर जुड़ाव जरूरी है। उन्होंने कहा कि, जहां-जहां एनडीए की सरकारें बनी हैं, वहां अच्छा काम हुआ है, इसी कारण गठबंधन को लगातार सफलता मिल रही है।
पीएम मोदी ने साफ शब्दों में कहा कि चुनाव जीतने के बाद आराम करने का समय नहीं आता, बल्कि जिम्मेदारियां और बढ़ जाती हैं और पूरे समर्पण के साथ काम करना होता है।
बजट को लेकर जनता के बीच जाने की अपील
एनडीए सांसदों को सलाह देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि, सभी जनप्रतिनिधि बजट की उपलब्धियों को लेकर आम लोगों तक पहुंचें। जनता को बताएं कि बजट में उनके भविष्य को मजबूत करने के लिए क्या-क्या प्रावधान किए गए हैं। पीएम मोदी ने इसे “भविष्य का बजट” बताते हुए कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ा जा सकेगा।
संसद पुस्तकालय भवन में हुई बैठक
नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस ने मंगलवार को केंद्रीय बजट 2026 और विकसित भारत 2047 के विजन पर चर्चा के लिए संसदीय दल की बैठक बुलाई थी। यह बैठक नई दिल्ली स्थित संसद पुस्तकालय भवन में आयोजित हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन सहित एनडीए के सभी मंत्री और सांसद मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : लगातार नीचे गिरने के बाद सोना-चांदी ने छूई ऊंचाई, जान...
What's Your Reaction?