J&K : दूसरे दिन भी उधमपुर में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी, जैश के दो आतंकी ढेर…

जम्मू और कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों के बीच दो दिन तक चली मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए।

Feb 4, 2026 - 13:24
Feb 4, 2026 - 13:24
 14
J&K : दूसरे दिन भी उधमपुर में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी, जैश के दो आतंकी ढेर…
Udhampur search operation

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के दुर्गम पहाड़ी और घने वन क्षेत्रों में मंगलवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ भड़क उठी। यह अभियान बुधवार तक भी जारी रहा, जिसमें सुरक्षाबलों ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो आतंकियों को मार गिराया।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, रामनगर और बसंतगढ़ के बीच स्थित चिगला-बलोटा इलाके में आतंकियों की संदिग्ध गतिविधियों की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी के दौरान जैसे ही सुरक्षाबल आगे बढ़े, जगरेडा क्षेत्र के जंगलों में छिपे आतंकियों ने मंगलवार शाम करीब चार बजे अचानक गोलीबारी शुरू कर दी।

सुरक्षाबलों ने संभाला मोर्चा

जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाल लिया और दोनों ओर से भारी गोलीबारी के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर अतिरिक्त बल तैनात किए गए। रातभर रुक-रुक कर फायरिंग की खबरें मिलती रहीं।

अभियान की निगरानी के लिए पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। सेना की व्हाइट नाइट कोर ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए जा रहे इस संयुक्त ऑपरेशन को “ऑपरेशन केया” नाम दिया गया है।

उधमपुर के पहाड़ी क्षेत्रों में तलाशी अभियान जारी

गौरतलब है कि आतंकी गतिविधियों की आशंका को देखते हुए उधमपुर जिले के पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में पहले से ही सघन तलाशी अभियान चल रहे हैं। इससे पहले जनवरी माह में कठुआ जिले में हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया था, जबकि किश्तवाड़ के जंगलों में चलाए गए एक अन्य ऑपरेशन में सेना का एक जवान वीरगति को प्राप्त हुआ था।

यह भी पढ़ें : नकोदर में पुलिस मुठभेड़, गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने वाले दो आरोपी...

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow