पदक जीतने पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दी मनु को बधाई, बोले-देश और प्रदेश को मिला गौरव

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पेरिस ओलंपिक-2024 में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल करने पर विख्यात निशानेबाज मनु भाकर को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

Jul 29, 2024 - 12:27
 25
पदक जीतने पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दी मनु को बधाई, बोले-देश और प्रदेश को मिला गौरव
पदक जीतने पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दी मनु को बधाई, बोले-देश और प्रदेश को मिला गौरव

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पेरिस ओलंपिक-2024 में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल करने पर विख्यात निशानेबाज मनु भाकर को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने मनु भाकर के उल्लेखनीय प्रदर्शन और ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि मनु भाकर की इस उपलब्धि से प्रदेश और देश बहुत गौरवान्वित हुआ है। उन्होंने  मनु भाकर के समर्पण, कड़ी मेहनत और दृढ़ता की प्रशंसा की, जिसके कारण वह वैश्विक मंच पर यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल करने में सफल रही।

असाधारण प्रतिभा का प्रमाण

नायब सिंह सैनी ने कहा कि मनु भाकर की सफलता उनकी असाधारण प्रतिभा और अथक प्रयास का प्रमाण है। उन्होंने न केवल हरियाणा को गौरवान्वित किया है, बल्कि देश भर के महत्वाकांक्षी एथलीटों के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण भी पेश किया है। हमें विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे और राज्य और देश को और अधिक सम्मान दिलाएंगे। मुख्यमंत्री ने चल रहे पेरिस ओलंपिक में भाग लेने वाले हरियाणा के सभी एथलीटों को भी बधाई दी। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि सभी खिलाडी अपना बेहतरीन प्रदर्शन करना जारी रखेंगे और भारत के लिए और अधिक पदक जीतेंगे।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा में एक मजबूत खेल बुनियादी ढांचा बनाने और खेल भावना और उत्कृष्टता की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अपनी सरकार के संकल्प को दोहराया और कहा कि हम अपने एथलीटों को सशक्त बनाने में विश्वास करते हैं।  उनके समग्र विकास के लिए यह सुनिश्चित करते हुए कि उन्हें उच्चतम स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन प्राप्त हों, वर्तमान राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

मनोहर लाल ने भी दी बधाई

पेरिस ओलंपिक में देश के लिए पहला मेडल जीतने पर मनु को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। देश के कईं राज्यों के मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए मनु को बधाई दी है। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने भी सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर मनु भाकर को बधाई दी है। मनोहर लाल ने लिखा कि पेरिस ओलंपिक में देश के लिए पहला मेडल जीतने वाली भारत की बेटी मनु भाकर को बहुत-बहुत बधाई। 10 मीटर महिला एयर पिस्टल इवेंट में कांस्य पदक जीतकर अपने वो कर दिखाया, जिस पर हर भारतवासी को गर्व है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow