मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रखा लक्ष्य, ‘एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लगेंगे 1 करोड़ 50 लाख पौधे 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के वातावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 1 करोड़ 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Jul 30, 2024 - 13:49
 27
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रखा लक्ष्य, ‘एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लगेंगे 1 करोड़ 50 लाख पौधे 
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रखा लक्ष्य, ‘एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत लगेंगे 1 करोड़ 50 लाख पौधे 

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के वातावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 1 करोड़ 50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को एक-एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है।

मुख्यमंत्री कुरुक्षेत्र में अग्रवाल धर्मशाला में श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत की तरफ से आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद नवीन जिंदल, राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत की तरफ से सेक्टर 8 में बनने वाले वातानुकूलित अग्रसेन भवन का शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, सांसद व राज्यमंत्री ने कुल 31 लाख रुपए के अनुदान राशि देने की घोषणा की।
 
नहीं आने देंगे पौधों की कमी

नायब सिंह सैनी ने कहा कि एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत करनाल में एक साथ 20 हजार और कुरुक्षेत्र में 5 हजार पौधे लगाए गए। प्रत्येक नागरिक को एक-एक पौधा लगाना चाहिए और पौधों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इस मुहिम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में केंद्र और प्रदेश सरकार ने लोगों की मूलभूत सुविधाओं के लिए कार्य किया। इतना ही नहीं केंद्र और प्रदेश सरकार लोगों के जीवन को सुगम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस सरकार ने विकास कार्यों में कभी कमी नहीं आने दी। अभी हाल में ही दिल्ली में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नीति आयोग की बैठक में मुख्यमंत्रियों से देश और प्रदेश के विकास के लिए लंबी चर्चा की है। इस चर्चा के बाद निश्चित ही विकास की गति और तेज होगी।

मिलेंगी उच्चस्तरीय सुविधाएं

सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को पूरी दुनिया के लोग जानना और देखना चाहते हैं। इस धर्मस्थली को केंद्र और राज्य सरकार ने पर्यटन के हब के रूप में विकसित करने का काम किया है। कुरुक्षेत्र में श्री वैश्य अग्रवाल पंचायत का अग्रसेन भवन आधुनिक डिजाइन के साथ तैयार किया जाएगा ताकि बाहर से आने वाले पर्यटक और स्थानीय नागरिकों को भवन में उच्चस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।
 
भवन बनेगा आकर्षण का केंद्र

राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने मुख्यमंत्री का नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम में स्वागत करते हुए कहा कि यह भवन निश्चित ही समाज के लिए एक आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने थानेसर हल्का के विकास पर पिछले 10 सालों में लगभग 5 हजार करोड़ रुपए खर्च किए हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow