ये चुनाव न्याय-अन्याय का युद्ध, कांग्रेस लोगों को टुकड़ों में बांटना चाहती : सीएम नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा से नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन रैली में उमड़ी भीड़ को देखकर सैनी आत्मविश्वास से भरे हुए दिखाई दिए।

Sep 11, 2024 - 11:41
 15
ये चुनाव न्याय-अन्याय का युद्ध, कांग्रेस लोगों को टुकड़ों में बांटना चाहती : सीएम नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा विधानसभा से नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन रैली में उमड़ी भीड़ को देखकर सैनी आत्मविश्वास से भरे हुए दिखाई दिए। नायब सिंह सैनी ने कहा कि लाडवा की इस ऐतिहासिक धरती पर उमड़े जनसमूह को देखकर मैं उत्साहित हो गया हूं। लाडवा मेरा घर है और मुझे मेरे घर पर पूरा विश्वास है कि इस बार भाजपा की सरकार तीसरी बार बनाने में लाडवा से कमल खिलाएंगे। जनता द्वारा दी गई यह सम्मान की पगड़ी मूल्यवान है और यह सम्मान केवल मुख्यमंत्री नायब सैनी का नहीं, बल्कि लाडवा के एक-एक नागरिक का है। सैनी ने वादा किया कि इस सम्मान को कभी कम नहीं होने दिया जाएगा और इसे और बढ़ाने के लिए मेहनत करेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और कहा कि भाजपा हरियाणा एक हरियाणवी एक के सिद्धांत पर चलने वाली पार्टी है, लेकिन कांग्रेस प्रदेश के लोगों को टुकड़ों-टुकड़ों में बांटना चाहती है। कांग्रेस की मानसिकता छोटी है। आज लाडवा की इस एतिहासिक धरती पर कहना चाहता हूं कि यह चुनाव में किन्हीं राजनीतिक दलों का चुनाव नहीं बल्कि न्याय और अन्याय का युद्ध है। ये उन युवाओं के लिए न्याय का युद्ध है जिन्हें हमने नौकरी दी और कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने रुकवा दी। ये युवा 5 अक्टूबर को कांग्रेस को इसका जवाब देंगे। ये उस अन्याय के खिलाफ युद्ध है, जो कांग्रेस राज में दलितों पर हुए। दलितों के घर जलाए गए, उन्हें पलायन के लिए मजबूर किया गया। यह चुनाव उन किसानों के लिए न्याय मांगने का युद्ध है जिन पर कांग्रेस राज में गोलियां चलाई गई, जिन किसानों की जमीन हड़पकर दामाद को खुश किया गया। कांग्रेस ने जिस किसानों को मुआवजे के 2-3 रुपये के दिए वे किसान अपने अपमान का बदला लेने के लिए कांग्रेस का सबक जरूर सिखाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह धरती न्याय और अन्याय की लड़ाई की गवाह रही है, और भगवान श्रीकृष्ण ने यहीं गीता का संदेश दिया था।

पहले 25 हजार युवाओं को ज्वाइनिंग दूंगा फिर शपथ लूंगा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा ने युवाओं को रोजगार देने में कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने भी युवाओं की भर्ती रुकवाने में कसर नहीं छोड़ी। जब भी भर्ती हुई तभी रोडे अटकाए, लेकिन भाजपा युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी रही। हाल ही में हमने 25 हजार युवाओं की भर्ती करनी थी। सब कुछ तैयार था बस एक क्लिक में 25 हजार युवा नौकरी ज्वाइन कर लेते। लेकिन कांग्रेस के भर्ती रोको गैंग ने यहां भी रोड़ा अटकाया और चुनाव आयोग में शिकायत करके यह भर्ती रुकवा दी। सैनी ने कहा कि आज मैं अपने परिवार लाडवा के सामने वादा करता हूं कि 8 तारीख को जब रिजल्ट आएगा तो सबसे पहले इन 25 हजार युवाओं की ज्वाइनिंग करवाऊंगा। ज्वाइनिंग के बाद ही सीएम पद की शपथ लूंगा।

‘सवालों से भाग रहे हुड्डा’

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैंने कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा से कुछ सवाल किए थे। हुड्डा उन सवालों के जवाब नहीं दे रहे, वे भाग रहे हैं। जनता भी उन सवालों के जवाब चाहती है। हुड्डा जनता को बताएं कि क्यों युवाओं को बिना रुपये और बिना सिफारिश के नौकरी नहीं दी जाती थी। हुड्डा बताएं कि दामाद को खुश करने के लिए क्यों किसानों की जमीन हड़पी, क्यों किसानों को मुआवजे के 2-3 रुपये के चेक दिए। हुड्डा बताएं कि कितनी फसल एमएसपी पर कितनी फसलें खरीदी। कितने लोगों का इलाज फ्री में करवाया। ऐसे बहुत से सवाल हैं जिनका जवाब हुड्डा कांग्रेस किसी के पास नहीं।

‘किलोई से बाहर नहीं निकलते हड्डा’

नामांकन रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस वाले बोल रहे हैं कि सैनी को सीट नहीं मिल रही। कभी करनाल से चुनाव लड़ने की बात कर रहे हैं तो कभी लाडवा से। आज मैं हुड्डा और कांग्रेस को कहना चाहता हूं कि जिस भी विधानसभा में हमने रैली की है, उसी रैली में भरपूर प्यार और जन समर्थन मिला है। पूरे हरियाणा में कमल का फूल चुनाव लड़ रहा है। सैनी ने कहा कि दूसरी ओर भूपेंद्र सिंह हुड्डा किलोई से बाहर ही नहीं निकलते। किलोई के बाहर जाने की वे हिम्मत ही नहीं कर पाते। उन्हें पता है कि किलोई से बाहर उनका कोई जनाधार नहीं है और न ही हरियाणा की जनता उन्हें पसंद करती।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow