Bihar : गयाजी रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने दो संदिग्ध यात्रियों को पकड़ा, बैग की ली तलाशी तो उड़ गए होश…
3 फरवरी 2026, को बिहार के गया जंक्शन पर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी।
यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसरों की निगरानी में तैनात रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को मंगलवार, 3 फरवरी 2026, को बिहार के गया जंक्शन पर बड़ी सफलता हाथ लगी। नियमित गश्त के दौरान आरपीएफ जवानों की नजर प्लेटफॉर्म पर घूम रहे दो संदिग्ध यात्रियों पर पड़ी, जिनकी गतिविधियां असामान्य लग रही थीं।
पुलिस को देखकर भागने लगे दोनों युवक
जब सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। हालांकि, सतर्कता दिखाते हुए आरपीएफ टीम ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके बैग से जो बरामद हुआ, उसने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया।
बैग के भीतर एक दुर्लभ प्रजाति का मृत रेड सैंड बोआ सांप मिला, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जाती है। सांप की बरामदगी की खबर मिलते ही स्टेशन पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने खोली दोनों की पोल
इस मामले में आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव ने बताया कि पकड़े गए व्यक्तियों में एक की पहचान उपेंद्र कुमार और दूसरे की मोहम्मद सादुल्ला के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। सांप मिलने की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिसके बाद स्नेक कैचर और क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) मौके पर पहुंची और सांप को विधिवत जब्त कर लिया गया।
बताया जाता है कि रेड सैंड बोआ सांप की अवैध रूप से तस्करी तंत्र-मंत्र, अंधविश्वास और अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव बाजार के चलते की जाती है। इसी वजह से इसकी कीमत करोड़ों रुपये तक आंकी जाती है और तस्कर इसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की कोशिश करते रहते हैं।
RPF पुलिस की तत्परता
RPF की तत्परता से इस अवैध तस्करी को समय रहते रोक लिया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि रेड सैंड बोआ, जिसे आम बोलचाल में दोमुंहा सांप भी कहा जाता है, एक अत्यंत दुर्लभ और गैर-विषैला सरीसृप है, जिसकी तस्करी कानूनन गंभीर अपराध मानी जाती है।
यह भी पढ़ें : 'सॉरी मम्मी-पापा, गेम नहीं छोड़ पा रहे...' गाजियाबाद-मोबाइल गेम की लत...
What's Your Reaction?