हरियाणा में फायरिंग की घटनाओं पर बोले अनुराग ढांड़ा, कहा - हरियाणा में लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने प्रेसवार्ता कर शिक्षा घोटाले में सीबीआई की एफआईआर पर बीजेपी सरकार और तत्कालीन शिक्षा मंत्री को घेरा।

Jul 5, 2024 - 16:44
Jul 5, 2024 - 16:46
 16
हरियाणा में फायरिंग की घटनाओं पर बोले अनुराग ढांड़ा, कहा - हरियाणा में लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित
हरियाणा में फायरिंग की घटनाओं पर बोले अनुराग ढांड़ा

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने प्रेसवार्ता कर शिक्षा घोटाले में सीबीआई की एफआईआर पर बीजेपी सरकार और तत्कालीन शिक्षा मंत्री को घेरा। उनके साथ प्रदेश संगठन मंत्री रविंद्र सिंह मटरू, जिला अध्यक्ष धनराज कुंडू और राकेश चांदवास मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने की सुपारी ले रखी है। बीजेपी की सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। बीजेपी ने 2014 से 2016 तक दो साल में सरकारी स्कूलों में 4 लाख बच्चों का फर्जी दाखिला दिखाकर करोड़ों का घोटाला करने का काम किया। इन बच्चों के नाम पर वजीफे, मिड डे मील और वर्दी के करोड़ों रुपए गबन कर लिए। बीजेपी के शीर्ष नेताओं और उस समय के शिक्षामंत्री की शह के बिना पूरे हरियाणा में इतना बड़ा फर्जी दाखिले का घोटाला संभव नहीं है।

सीबीआई ने माना 4 लाख फर्जी दाखिले हुए 

उन्होंने कहा कि जब सीबीआई मानती है कि 4 लाख दाखिले फर्जी हुए थे, इसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ था और इसमें बहुत सारे अधिकारी शामिल हैं। बच्चों की वर्दी, मिड डे मील और वजीफ का पैसा कागजों में दिखाकर भ्रष्टाचार में हड़प लिया गया तो ये कैसे संभव है कि पूरे हरियाणा में घोटाला हो और उसमें उस समय के शिक्षामंत्री रामविलास शर्मा और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का हाथ न हो। इसलिए आम आदमी पार्टी का आरोप है कि उस समय के शिक्षामंत्री राम बिलास शर्मा को सीबीआई इस पूरे घोटाले में बचाने का प्रयास कर रही है। 4 लाख बच्चों के फर्जी दाखिले के मामले में जो घोटाला हुआ इसमें सीबीआई बीजेपी के नेताओं, तत्कालीन मुख्यमंत्री और तत्कालीन शिक्षामंत्री को बचाने का प्रयास कर रही है। उनके मिलीभगत की जांच भी सीबीआई की एफआईआर के दायरे में आनी चाहिए और कोर्ट को भी इसमें हस्तक्षेप करना चाहिए कि कैसे सरेआम नेताओं को बचाया जा रहा है।

युवा दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर

उन्होंने कहा कि ये सिर्फ एक मामला नहीं है, हाल में ही बीजेपी ने 337 प्राथमिक स्कूलों के 503 पदों को समाप्त कर दिया। इसके अलावा सैंकड़ों स्कूलों को पहले बंद कर दिया है। वहीं सैंकड़ों स्कूलों में केवल एक शिक्षक है। इसके साथ कई स्कूलों में एक भी शिक्षक नहीं है। इससे स्पष्ट होता है कि बीजेपी प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने पर तुली है।शिक्षा विभाग में 37 हजार पद खाली है। वहीं पूरे हरियाणा में 2 लाख पद खाली हैं। युवा दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि यही हालत प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं की है। दादरी की जनता वर्षों से सरकारी अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की मशीन का इंतजार कर रही है। सात साल में 80 हजार से ज्यादा लोगों ने प्राइवेट संस्थाओं में मंहगे दामों पर अल्ट्रासाउंड करवाया है। पीएचसी, सीएचसी की हालत खस्ता है। न दवाइयां फ्री में मिलती हैं और न ही बेहतर इलाज है।सरकारी अस्पताल महज रेफरल सेंटर बन कर रह गए हैं। यही हालत पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की है। बीजेपी ने हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को भी बर्बाद करने का काम किया।

सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं लोग 

उन्होंने कहा कि तीसरा जरूरी चीज प्रदेश की कानून व्यवस्था है। पिछले दिनों सरेआम पुलिस कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी जाती है। आज भी कुरुक्षेत्र में बदमाशों ने फिरौती मांगी है। आज हिसार में व्यापारियों ने बंद का आह्वान किया है। पूरे हरियाणा के व्यापारी प्रदेशस्तरीय बंद के बारे में विचार कर रहे हैं। 72 घंटे बीत जाने के बाद पुलिस कर्मी की हत्या में संलिप्त अपराधी गिरफ्त से बाहर है। इसलिए पूरे प्रदेश के व्यापारी, महिलाएं और पूरे प्रदेश की जनता अपनी सुरक्षा का लेकिर चिंतित हैं। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow