Tuesday, March 10, 2026
Home Current News BJP के कारण बताओ नोटिस पर अनिल विज ने दिया 8 पन्नों...

BJP के कारण बताओ नोटिस पर अनिल विज ने दिया 8 पन्नों का जवाब, उठाए अहम मुद्दे

Advertisement

हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) हाईकमान द्वारा भेजे गए कारण बताओ नोटिस का विस्तार से जवाब दे दिया है। विज को यह नोटिस पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के खिलाफ सार्वजनिक बयान देने के कारण जारी किया गया था, जिसका जवाब देने के लिए उन्हें तीन दिनों का समय दिया गया था।

मीडिया के जरिए मिली नोटिस की जानकारी

अनिल विज ने बताया कि उन्हें नोटिस के बारे में मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली, लेकिन उन्होंने मीडिया में प्रतिक्रिया देने के बजाय सीधे पार्टी को जवाब देना उचित समझा। विज ने कहा कि बेंगलुरु से लौटने के बाद उन्होंने ठंडे पानी से नहाने, भोजन करने और फिर नोटिस का जवाब तैयार करने का फैसला किया। उन्होंने निर्धारित समयसीमा से पहले ही अपना जवाब पार्टी को भेज दिया।

8 पन्नों में रखी अपनी बात

सूत्रों के अनुसार, विज ने अपने आठ पन्नों के जवाब में कई अहम मुद्दों को उठाया है। इनमें राज्य प्रशासन में अधिकारियों की मनमानी, संगठन की स्थिति और विधानसभा चुनावों में उन्हें हराने की कथित साजिश जैसे विषय शामिल हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में विज ने प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष मोहनलाल बडोली के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए उनके इस्तीफे की अपील की थी। बडोली पर एक महिला ने रेप का आरोप लगाया था, जिसके चलते उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा, विज ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को लेकर भी सार्वजनिक बयान दिए थे।

अनिल विज के इस जवाब के बाद पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है। अब देखना होगा कि बीजेपी हाईकमान उनके जवाब पर क्या रुख अपनाता है।