अमित शाह की भूपेंद्र हुड्डा को खुली चुनौती, 'बनिया का बेटा हूं, पाई-पाई का हिसाब लेकर आया हूं...',

 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के महेंद्रगढ़ में ओबीसी समाज के सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टियों खासतौर पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।

Jul 16, 2024 - 16:03
 27
अमित शाह की भूपेंद्र हुड्डा को खुली चुनौती, 'बनिया का बेटा हूं, पाई-पाई का हिसाब लेकर आया हूं...',
अमित शाह की भूपेंद्र हुड्डा को खुली चुनौती, 'बनिया का बेटा हूं, पाई-पाई का हिसाब लेकर आया हूं...',

चंद्रशेखर धरणी, चंडीगढ़ :  केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के महेंद्रगढ़ में ओबीसी समाज के सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टियों खासतौर पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ओबीसी विरोधी पार्टी है। उन्होंने हरियाणा को भ्रष्टाचार और परिवारवाद के अलावा कुछ भी नहीं दिया। शाह ने कहा कि पिछड़ा वर्ग ने बीजेपी को हमेशा आशीर्वाद दिया है। अब बीजेपी का कर्तव्य है कि उसे जितना मिलना है, वह उससे ज्यादा इस वर्ग को लौटाए।

कांग्रेस ओबीसी विरोधी

शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा को चुनौती देते हुए कहा कि मैं यहां आया हूं तो इसलिए हुड्डा साहब से कहना चाहता हूं कि जब-जब चुनाव आता है तब-तब आप ओबीसी-ओबीसी की माला जपते हैं, लेकिन कांग्रेस असल में पिछड़ा वर्ग विरोधी पार्टी है। 1957 में जब काका साहब कमीशन बना था तब कांग्रेस ने सालों तक उसे लागू नहीं किया। 1980 में इंदिरा गांधी ने मंडल कमीशन को ठंडे बस्ते में डाल दिया, लेकिन 1990 में जब इसे दोबारा लाया गया तो राजीव गांधी ने 2 घंटे 43 मिनट भाषण देकर ओबीसी आरक्षण का विरोध किया था, लेकिन बीजेपी ने ओबीसी कमीशन को संवैधानिक मान्यता देकर उन्हें संवैधानिक अधिकार देने का काम किया।

हुड्डा को खुली चुनौती

महेंद्रगढ़ के ओबीसी सम्मेलन में मंच से अमित शाह ने कांग्रेस के ‘हिसाब मांगे हरियाणा’ अभियान पर निशाना साधते हुए भूपेंद्र हुड्डा को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि क्या कांग्रेस परिवारवाद का हिसाब दे सकती है ? मैं हुड्डा साहब को चुनौती देता हूं कि आप क्या हिसाब देंगे। हमारे दस साल और आपके दस साल का हिसाब लेकर जनता के पास जाइए। वो हिसाब क्या मांगेंगे ? हुड्डा साहब सुनिए, मैं बनिया का बेटा हूं, पाई-पाई का हिसाब लेकर आया हूं। हमारे कार्यकर्ता खुद जाकर लोगों को दस साल के कार्यकाल का हिसाब देंगे। भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि जब चुनाव आता है, तो भूपेंद्र हुड्डा ओबीसी-ओबीसी चिल्लाने लगते हैं। सच्चाई तो ये है कि कांग्रेस महेशा पिछड़ा वर्ग की विरोधी रही है।

मुख्यमंत्री को आने की जरूरत नहीं

भूपेंद्र हुड्डा पर बरसते हुए अमित शाह ने कहा कि वो क्या हिसाब देंगे, हिसाब तो हम देंगे। कांग्रेस ने अपने 10 साल में  केंद्र  से हरियाणा को 41 हजार करोड़ रुपए दिए। हुड्डा साहब मैं पाई-पाई का हिसाब लेकर आया हूं। हमने अब तक केंद्र  से हरियाणा को  261 लाख करोड़ रुपए कांग्रेस से 6 गुणा अधिक पैसा दिया, आप हिसाब लेकर आइए। हमारे मुख्यमंत्री को आने की जरूरत नहीं है। हमारे युवा मोर्चा का प्रदेशाध्यक्ष दो-दो हाथ करने को तैयार है। आप हिसाब दे सकते हो परिवारवाद का, नौकरियों में भेदभाव का हिसाब दे सकते हो। हमने हरियाणा का हर जिला राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ा, हिसार में पहला एयरपोर्ट बना। 750 बेड का रेवाड़ी में एम्स बना। 2 हजार करोड़ से कैंसर संस्थान बनाने का काम बीजेपी ने किया है।

पंचायतों को दिए करोड़ों रुपए

अमित शाह ने इस दौरान प्रदेश सरकार की ओर से पंचायतों को दी गई राशि में से कुछ गांवों को दी गई राशि के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि उनके पास 6225 पंचायतों का हिसाब है। इनमें बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपए की ग्रांट दी गई। इनमें रोहतक के ब्राह्मण माजरा में 20 करोड़, कलिंगा में 18 करोड़, आसनकला में 24 करोड़ और ठारिया में 22 करोड़ रुपए खर्च किए गए है। शाह ने अपने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह पंचायत प्रमुखों से मिलकर उनका सम्मान करें और उन्हें हिसाब दें। उन्होंने कहा कि हुड्डा साहब आपकों 10 साल के कुशासन का हिसाब देना है। 10 साल हरियाणा को विकास से महरूम रखने का हिसाब देना है। तुमने हर घर में बिजली नहीं पहुंचाई, हर घर में टॉयलेट नहीं पहुंचाया, पीने का पानी नहीं पहुंचाया, लेकिन ये सब हमने हर घर तक पहुंचाया। हुड्डा साहब मैदान में आइए आंकड़ों के साथ आईए, आप क्या हिसाब मांगेगों, हिसाब तो हम देंगे आपकों।

नहीं होने देंगे मुसिलम आरक्षण लागू

कांग्रेस पार्टी ने जातिवाद और भ्रष्टाचार की बजाए कुछ नही दिया। कांग्रेस की सरकारों में भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी चरम पर थी, लेकिन बीजेपी ने संपूर्ण हरियाणा के विकास करने वाली सरकार दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ओबीसी का आरक्षण खत्म कर इसे मुसलम समुदाय को देना चाहती है, लेकिन वह अपने जीते जी ऐसा नहीं होने देंगे। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में कभी भी मुसिलम आरक्षण को लागू नहीं होने देगी।

बीजेपी ने दिया OBC प्रधानमंत्री और CM

अमित शाह ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने जब सांसद होने के नाते पहली बार संसद में कदम रखा था। उस समय उन्होंने देश के समक्ष कहा था कि मेरी सरकार दलितों और गरीबों की सरकार है। देश को पहला सशक्त ओबीसी प्रधानमंत्री देने का काम बीजेपी ने किया है। आज कैबिनेट में 71 में से 27 मंत्री पिछड़े वर्ग से आते हैं। हरियाणा से भी दो पिछड़े वर्ग के मंत्री हैं। हरियाणा में भी एक ओबीसी के बेटे को मुख्यमंत्री बनाया है। इस तरह पार्टी ने ओबीसी का सम्मान करने का काम किया है।

तीन चीजों के लिए हरियाणा को याद करता है देश

अमित शाह ने कहा कि हरियाणा की भूमि को तीन चीजों के लिए पूरा देश याद करता है। पहला, यहां की माताओं ने अपने इतने लाल सेना में भेजे हैं। मैं आज जिस भूमि पर हूं, उस भूमि की माताओं ने सबसे अधिक अनुपात में अपने लाल को सेना में भेजा है। अगर सेना में जवान भेजने का काम किया है तो मेरी हरियाणा की माताओं ने किया है। खेल के मैदान में जब हिंदुस्तान पदक तालिकाएं देखता है तो उसमें भारत को जो दस मेडल मिलते हैं, उसमें से सात मेरा हरियाणा का धाकड़ लेकर आता है। तीसरा, देश अन्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर नहीं था। जब देश ने ललकार लगाई कि हमारा अन्न हम खुद पैदा करेंगे तो अन्न के भंडार करने वाला मेरा हरियाणा का ही किसान था। इन तीनों चीजों के लिए पूरा देश हरियाणा को याद करता है और प्रणाम भी करता है।

हरियाणा सरकार ने तीन बड़े फैसले किए

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नायब सैनी सरकार ने तीन फैसले किए हैं। सबसे पहला क्रीमीलेयर की सीमा 6 से बढ़ाकर 8 लाख की। हर बच्चे को ओबीसी का फायदा मिलेगा। पंचायत में रिजर्वेशन को बदलने का फैसला किया। ग्रुप बी के लिए 5 प्रतिशत रिजर्वेशन शुरू किया है। इसी प्रकार से नगर निगम और परिषद में भी ग्रुप बी के लिए 5 प्रतिशत रिजर्वेशन शुरू किया गया है। इसकेसाथ ही ग्रुप एक के 8 फीसदी रिजर्वेशन को पहले की तरह से ही रखा गया है।

तीसरी बार बीजेपी सरकार बनने का दावा

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंच से हरियाणा में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनने का दावा किया। अमित शाह ने कहा कि 2014 और 2019 में कमल को आशीर्वाद दिया था और अब विधानसभा चुनाव में  भी आशीर्वाद देंगे।

मोदी के दिल में सबसे ऊपर हरियाणा

अमित शाह ने कहा कि मोदी जी तीसरी बार देश के पीएम बने, लेकिन उनेक दिल में हरियाणा देश में सबसे ऊपर है। यहां पर मोदी जी ने संगठन का काम किया है। हर तहसील, हर पंचायत और कार्यकर्ता को नाम से जानते हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow