HomeBreaking Newsपाकिस्तान के सैन्य कैंप पर फिदायीन हमला, BLA का बड़ा दावा- 18...

पाकिस्तान के सैन्य कैंप पर फिदायीन हमला, BLA का बड़ा दावा- 18 जवानों को उतारा मौत के घाट

पाकिस्तान के बलोचिस्तान प्रांत में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था(Pakistani military) को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। यहां मस्तुंग के कंदावा-कानक इलाके में पाकिस्तानी सेना के एक कैंप को निशाना बनाकर आत्मघाती हमला किया गया। बलोचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने 12 नवंबर को हुए इस हमले की जिम्मेदारी ली है। संगठन का दावा है कि इसमें पाकिस्तानी सेना के 18 से अधिक जवान मारे गए और कई अन्य घायल हुए हैं। हालांकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

BLA की ओर से जारी बयान के मुताबिक, संगठन की मजीद ब्रिगेड ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी के जरिए सैन्य कैंप पर आत्मघाती हमला किया। संगठन का दावा है कि धमाके में कैंप और आसपास मौजूद सुरक्षा चौकियों को नुकसान पहुंचा। BLA के मुताबिक, विस्फोट के बाद उसके फतेह स्क्वॉड के लड़ाके कैंप के भीतर दाखिल हुए और वहां मौजूद सैन्यकर्मियों पर हमला किया। संगठन ने पास की एक अन्य सुरक्षा चौकी को भी निशाना बनाने की बात कही है।

कौन था आत्मघाती हमलावर?

संगठन ने हमले में शामिल आत्मघाती हमलावर की पहचान उसामा शाहवानी उर्फ वदूद के रूप में की है। वह मस्तुंग के खदकोचा इलाके का रहने वाला बताया गया है। BLA के मुताबिक, वह 2022 में संगठन से जुड़ा था और 2024 में मजीद ब्रिगेड में शामिल हुआ। संगठन ने यह भी दावा किया कि उसने कलात, नागाहो और शूर परोद में कई अभियानों में हिस्सा लिया था।

विदेशी कंपनियों को भी दी चेतावनी

हमले की जिम्मेदारी लेने के साथ BLA ने बलोचिस्तान में खनिज परियोजनाओं से जुड़ी विदेशी कंपनियों और निवेशकों को धमकी दी है। संगठन का आरोप है कि इन परियोजनाओं के जरिए स्थानीय संसाधनों का दोहन किया जा रहा है। उसने पाकिस्तान मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम 2026 का भी विरोध किया है।

बलोचिस्तान से सेना हटाने की मांग

BLA ने अपने बयान में कहा है कि उसका अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक पाकिस्तानी सेना बलोचिस्तान से वापस नहीं जाती और क्षेत्र को स्वतंत्रता नहीं मिलती।

फिलहाल हमले में हताहतों की वास्तविक संख्या और नुकसान को लेकर स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में मृतकों और घायलों से जुड़े आंकड़ों को BLA के दावे के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।

यह भी पढ़ें : कहीं घने जंगल तो कहीं ऊंचे पहाड़ और झरनों का नजारा…707 KM में बना भारत का ये…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments