Binance Hack: क्रिप्टोकरेंसी की दुनिया में अब तक की सबसे बड़ी चोरी ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। क्रिप्टो एक्सचेंज बायनेन्स से करीब 6.3 अरब डॉलर यानी लगभग 60,000 करोड़ रुपये की डिजिटल संपत्ति चोरी होने की बात सामने आई है। इस बड़े साइबर हमले के पीछे उत्तर कोरिया के साइबर हैकर्स का नाम सामने आ रहा है।
ट्रेडर ट्रेटर पर लगा हमले का आरोप
अमेरिका की ब्लॉकचेन जांच एजेंसी टीआरएम लैब्स (TRM Labs) और प्रमुख ब्लॉकचेन एनालिटिक्स फर्म Chainalysis ने इस हमले को लेकर बड़ा दावा किया है। दोनों के मुताबिक, बायनेन्स को निशाना बनाने वाली हैकिंग यूनिट ट्रेडर ट्रेटर (TraderTraitor) हो सकती है। यह यूनिट उत्तर कोरिया के राज्य-प्रायोजित साइबर संगठन लाजारस ग्रुप (Lazarus Group) की एक खास विंग मानी जाती है।
Chainalysis के सह-संस्थापक जोनाथन लेविन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, ”हम अभूतपूर्व दौर में जी रहे हैं, लेकिन उत्तर कोरिया के हैकर अपनी पुरानी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। हमारा स्पष्ट मानना है कि बायनेन्स पर हुआ यह हमला उत्तर कोरिया के हैकर ग्रुप ट्रेडर ट्रेटर ने ही किया है।”
सिर्फ 20 मिनट में अरबों डॉलर की क्रिप्टो ट्रांसफर
टीआरएम लैब्स (TRM Labs) के अनुसार, यह हमला बेहद सुनियोजित तरीके से किया गया। हैकर्स ने एक साथ 10 अलग-अलग ब्लॉकचेन नेटवर्क्स को निशाना बनाया और Binance के हॉट वॉलेट्स से लगभग 6.36 अरब डॉलर की डिजिटल संपत्ति ट्रांसफर कर ली।
इस हमले की सबसे हैरान करने वाली बात इसकी रफ्तार रही। रिपोर्ट के मुताबिक, चोरी की गई रकम का बड़ा हिस्सा महज 20 मिनट के अंदर अलग-अलग क्रिप्टो वॉलेट्स में बांट दिया गया। इससे जांच एजेंसियों के सामने चोरी की गई डिजिटल संपत्ति का पता लगाने और उसे ट्रैक करने की चुनौती बढ़ गई।
Bybit पर भी कर चुका है हमला
ट्रेडर ट्रेटर पर पहले भी बड़े क्रिप्टो हमलों में शामिल होने के आरोप लग चुके हैं। उत्तर कोरियाई हैकर्स ने इसी तरह Bybit जैसे क्रिप्टो एक्सचेंजों को भी निशाना बनाया था। बायनेन्स पर हुआ हमला Bybit की चोरी से चार गुना से भी ज्यादा बड़ा बताया जा रहा है।
उत्तर कोरिया के हैकर्स का पुराना रिकॉर्ड
उत्तर कोरिया से जुड़े हैकिंग ग्रुप्स पर लंबे समय से बड़े साइबर हमलों और डिजिटल चोरी के आरोप लगते रहे हैं। साल 2014 में Sony Pictures पर हुए साइबर अटैक के पीछे भी लाजारस ग्रुप का हाथ बताया गया था। यह हमला हॉलीवुड फिल्म ‘द इंटरव्यू’ में किम जोंग उन का मजाक उड़ाए जाने के विरोध में किया गया था।
Bybit से 1.5 अरब डॉलर की चोरी
फरवरी 2025 में Bybit क्रिप्टो एक्सचेंज से करीब 1.5 अरब डॉलर की क्रिप्टो चोरी हुई थी। अमेरिकी खुफिया एजेंसी FBI ने इस हमले के लिए ट्रेडर ट्रेटर यूनिट को जिम्मेदार ठहराया था। अब बायनेन्स से हुई करीब 6.3 अरब डॉलर की चोरी ने क्रिप्टो सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
Read More:
पंजाब चुनाव में AAP का पहला दांव, 40 उम्मीदवारों की सूची जारी, धुरी से फिर मैदान में उतरेंगे CM मान

