HomeBreaking Newsखाटू श्याम जाने से पहले बालकनी से तोड़ रहे थे फूल, ग्रेटर...

खाटू श्याम जाने से पहले बालकनी से तोड़ रहे थे फूल, ग्रेटर नोएडा में 23वीं मंजिल से गिरकर बाप-बेटे की मौत

ग्रेटर नोएडा(Greater Noida) वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में शुक्रवार सुबह बेहद दुखद हादसा सामने आया। महागुन मायवुड्स सोसाइटी (गौर सिटी-2) के टॉवर-23 की 23वीं मंजिल से गिरकर पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके बेटे आरव के रूप में हुई है। घटना के बाद सोसाइटी में शोक का माहौल है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

खाटू श्याम मंदिर जाने की थी तैयारी

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, परिवार को शुक्रवार सुबह खाटू श्याम मंदिर जाना था। इसी वजह से रणदीप अपने बेटे के साथ पूजा के लिए फूल लेने बालकनी में गए थे। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण बालकनी का फर्श गीला था और वहां फिसलन बनी हुई थी।

बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी गिरे

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फूल तोड़ने के दौरान सीढ़ी पर संतुलन बिगड़ने से बेटे का पैर फिसल गया। इसके बाद वह बालकनी से लटक गया। बेटे को बचाने के लिए पिता ने उसे संभालने की कोशिश की लेकिन इस दौरान उनका भी संतुलन बिगड़ गया।

देखते ही देखते पिता और बेटा दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एक ही परिवार के दो सदस्यों की इस तरह मौत होने से सोसाइटी के लोग भी स्तब्ध हैं। फिलहाल पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें : MP के मुरैना में मौत बनकर आया टैंकर! तीन बाइक सवारों को रौंदा…

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments