टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल और वैश्विक ऑटोमोबाइल कंपनी स्टेलेंटिस ने अपनी पार्टनरशिप को विस्तार देने के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस नई साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां मिलकर प्रोडक्ट टेक्नोलॉजी, व्हीकल आर्किटेक्चर और उन्नत तकनीक पर एक साथ काम करेंगी। हालांकि अभी किसी खास मॉडल के नाम का औपचारिक खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन ऑटोमोबाइल बाजार में एक नई एसयूवी को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। माना जा रहा है कि टाटा मोटर्स के लोकप्रिय सिएरा वाले प्लेटफॉर्म पर आधारित एक नई एसयूवी जीप ब्रांड के तहत तैयार की जा रही है, जिसका संभावित कोडनेम ‘जे1जे’ बताया जा रहा है।
ग्लोबल मार्केट में भी उतरेगा मेड-इन-इंडिया प्रोडक्ट
अगर यह कयास सही साबित होते हैं, तो यह जीप के पोर्टफोलियो का एक ऐसा उत्पाद होगा जो पूरी तरह से भारतीय जमीन पर तैयार किया जाएगा। कंपनी इस दमदार एसयूवी को घरेलू बाजार में बेचने के साथ-साथ ग्लोबल मार्केट में भी निर्यात करने की योजना बना रही है। इस एग्रीमेंट में टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी भी शामिल है, जिससे यह साफ है कि टाटा अपने व्हीकल आर्किटेक्चर को एक बड़े ग्लोबल मैन्युफैक्चरर के साथ साझा करते हुए भविष्य की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को भी मजबूत करेगा। फिएट इंडिया ऑटोमोबाइल प्राइवेट लिमिटेड के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में इस गाड़ी का उत्पादन किया जाएगा।
इंटरनल कंबशन इंजन और ईवी दोनों अवतारों में आएगी एसयूवी
इस समझौते के तहत टाटा मोटर्स अपनी प्रोडक्ट टेक्नोलॉजी और व्हीकल आर्किटेक्चर का एक्सेस स्टेलेंटिस ग्रुप को देगी। स्टेलेंटिस भारत में अपनी इंजीनियरिंग और डेवलपमेंट क्षमताओं का इस्तेमाल करके ग्राहकों की जरूरत के मुताबिक इसका उपयोग करेगी। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस साझेदारी का पहला प्रोडक्ट एक मिड-साइज एसयूवी होगी, जिसे टाटा सिएरा के ‘एरगोस’ (ARGOS) आर्किटेक्चर पर विकसित किया जाएगा। यह गाड़ी पेट्रोल-डीजल यानी इंटरनल कंबशन इंजन और इलेक्ट्रिक, दोनों ही विकल्पों में उतारी जा सकती है। ‘एरगोस’ प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इस पर अलग-अलग आकार और पावरट्रेन वाली गाड़ियां आसानी से तैयार की जा सकती हैं।
डिजाइन और फीचर्स में दिखेगी बिल्कुल अलग पहचान
सिएरा के आर्किटेक्चर का इस्तेमाल होने का यह कतई मतलब नहीं है कि बाजार में रीबैजिंग (एक ही गाड़ी पर अलग लोगो) देखने को मिलेगी। जीप इस प्लेटफॉर्म का उपयोग जरूर करेगी, लेकिन उत्पाद का डिजाइन पूरी तरह से अलग होगा। कंपनी इस एसयूवी के लिए बिल्कुल अलग बॉडी, एक्सटीरियर स्टाइलिंग और केबिन लेआउट लेकर आएगी। यहां तक कि गाड़ी के अंदर मिलने वाले फीचर्स और आधुनिक तकनीक में भी अंतर देखने को मिलेगा, जिससे दोनों ब्रांड्स की गाड़ियां ग्राहकों को पूरी तरह से अलग और प्रीमियम अनुभव देंगी।
READ MORE: गोरखपुर में बनेगा 1087 करोड़ का मेगा कन्वेंशन सेंटर, पीपल के पत्ते के आकार वाली इस भव्य इमारत में मिलेंगी फाइव-स्टार सुविधाएं