थलापति विजय की मच अवेटेड फिल्म ‘जन नायकन’(Jan Nayakan) 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म की रिलीज को लेकर विजय के फैंस में ऐसा क्रेज देखने को मिला जैसे कोई बड़ा त्योहार हो। बुधवार रात से ही कई जगहों पर फैंस ने जश्न मनाना शुरू कर दिया था। विजय के पोस्टरों पर दूध चढ़ाने, पूजा करने, नारियल फोड़ने और उनके लिए प्रार्थना करने जैसे कई सीन्स देखने को मिले। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी फैंस के सेलिब्रेशन के कई वीडियो तेजी से वायरल हुए हैं।
चेन्नई समेत तमिलनाडु के कई शहरों में विजय के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए थे। सिनेमाघरों के बाहर फैंस ढोल-नगाड़ों और तेज संगीत पर नाचते-गाते नजर आए। उनकी इस आखिरि फिल्म के पहले शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में थिएटर्स के बार फैंस की भारी भीड़ देखने को मिली। इस खुशी में कई जगहों पर पटाखे भी जलाए गए। रोहिणी थिएटर के बाहर फैंस ने विजय के पोस्टर की आरती उतारी गई। अभिनेत्री कीर्ति सुरेश भी फिल्म देखने पहुंचीं जबकि खबरों के मुताबिक तृषा भी फिल्म देखने गई थीं।
भारत के बाहर भी दिखा विजय का क्रेज
फिल्म को लेकर उत्साह सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रहा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जापान से भी विजय के कुछ फैंस चेन्नई पहुंचे ताकि उनकी आखिरी फिल्म को बड़े पर्दे पर देख सकें। तिरुनेलवेली के एक मल्टीप्लेक्स में हजारों प्रशंसकों के लिए डीजे का आयोजन किया गया जहां लोगों ने नाच-गाकर फिल्म की रिलीज का जश्न मनाया। कन्याकुमारी में फैंस ने एक बड़ा केक काटा, जिस पर “जन नायकन: एक आखिरी बार” लिखा था।
फिल्म की रिलीज से क्या हैं उम्मीदें ?
करीब छह महीने के इंतजार के बाद ‘जन नायकन’ 3,500 से ज्यादा सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म की रिलीज पहले पोंगल के मौके पर तय थी लेकिन सेंसर बोर्ड की मंजूरी के चलते इसमें देरी हुई। बाद में कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद फिल्म को रिलीज किया गया।
फिल्म से शानदार ओपनिंग की उम्मीद जताई जा रही है। खासकर तमिलनाडु में विजय की लोकप्रियता के कारण टिकटों की भारी मांग देखी जा रही है। चेन्नई में कई शो लगभग पूरी तरह भर चुके हैं। हालांकि दूसरे राज्यों में प्रतिक्रिया उतनी तेज नहीं दिख रही। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने एडवांस बुकिंग से अच्छी कमाई दर्ज की है और अब सभी की नजर इसके बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर है।