HomeBreaking Newsमहाराष्ट्र में अब पुलिसकर्मियों के लिए भी अनिवार्य हुआ हेलमेट, नहीं पहनने...

महाराष्ट्र में अब पुलिसकर्मियों के लिए भी अनिवार्य हुआ हेलमेट, नहीं पहनने पर लगेगा भारी जुर्माना, DGP के सख्त आदेश जारी

 Traffic Rules For Maharashtra Police:  महाराष्ट्र में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। अब राज्य में ड्यूटी के दौरान दोपहिया वाहन चलाने वाले सभी पुलिसकर्मियों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। महाराष्ट्र पुलिस के डीजीपी ने इस संबंध में राज्य के सभी पुलिस आयुक्तालयों और जिला इकाइयों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

नागपुर बैठक के बाद लिया गया फैसला

यह निर्णय हाल ही में नागपुर में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक के बाद लिया गया। बैठक में डीजीपी ने स्पष्ट किया कि कानून लागू कराने वाली एजेंसी यदि खुद नियमों का पालन नहीं करेगी, तो आम जनता में जागरूकता लाना मुश्किल होगा। इसलिए पुलिसकर्मियों को उदाहरण बनकर सामने आना होगा।

नियम तोड़ने पर लगेगा जुर्माना

नए आदेश के तहत यदि कोई पुलिसकर्मी बिना हेलमेट दोपहिया चलाते हुए पाया जाता है, तो उसके खिलाफ Motor Vehicles Act Section 194D के तहत जुर्माना लगाया जाएगा। इतना ही नहीं, यदि किसी पुलिसकर्मी की बिना हेलमेट की तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आती है, तो इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उसकी सेवा पुस्तिका में दर्ज किया जाएगा, जिससे उसके करियर पर भी असर पड़ सकता है।

सड़क हादसों के आंकड़े बने चिंता का कारण

पुलिस विभाग के अध्ययन के अनुसार, पिछले 10 वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं में मारे गए या गंभीर रूप से घायल लोगों में 35 से 40 प्रतिशत दोपहिया चालक शामिल रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हेलमेट का सही उपयोग सिर की गंभीर चोटों और मौत के जोखिम को काफी हद तक कम करता है, लेकिन इसके बावजूद कई जगहों पर नियमों की अनदेखी की जाती रही है।

छोटे जिलों में बेहद खराब है स्थिति

रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई और नागपुर जैसे शहरों में 80 प्रतिशत से अधिक दोपहिया चालक हेलमेट पहनते हैं, जबकि अन्य जिलों में यह आंकड़ा 20 प्रतिशत से भी कम है। ऐसे में यह आदेश पूरे राज्य में सड़क सुरक्षा मानकों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

आम जनता पर भी पड़ेगा असर

डीजीपी कार्यालय ने सभी इकाइयों को निर्देश दिया है कि वे आदेश का तुरंत पालन सुनिश्चित करें और इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजें। अधिकारियों का मानना है कि जब पुलिस खुद नियमों का पालन करेगी, तो आम लोगों में भी हेलमेट पहनने की आदत बढ़ेगी और सड़क हादसों में कमी आएगी।

Read More:

खून से सने बैग और जूते… पाकिस्तान में शांति वार्ता से पहले ईरान ने शेयर की मीनाब अटैक की दर्दनाक तस्वीर, देखकर निकल आएंगे आंसू

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments