तरनतारन में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच हरबरिंदर सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने 7 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सभी से वारदात के संबंध में पूछताछ की जा रही है। घटना बुधवार 18 फरवरी को सिद्धू फार्म हाउस में हुई, जहां सरपंच अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। इस हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर लखबीर लांडा हरिके ने ली है।
शादी में बराती बनकर घुसे हमलावर
दोपहर करीब 2:30 बजे दो हमलावर कथित तौर पर बराती बनकर समारोह में दाखिल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सरपंच स्टेज पर डांस करने के बाद सोफे पर बैठे ही थे कि भीड़ में से एक युवक आगे आया और उनके पेट व सिर में चार गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल सरपंच की मौके पर ही मौत हो गई।
हमले के बाद अफरा-तफरी मच गई। सरपंच के चचेरे भाई जर्मनजीत सिंह ने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन हमलावरों ने उसके पैर में गोली मार दी। उसे अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
DSP और SHO सस्पेंड
सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों में से एक के पास एके-47 जैसा हथियार था। सुरक्षा में लापरवाही के चलते डीजीपी गौरव यादव ने पट्टी के डीएसपी जगबीर सिंह और सरहाली थाने के एसएचओ गुरविंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया है।
निजी रंजिश की आशंका – SSP सुरिंदर लांबा
SSP सुरिंदर लांबा ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी थ्रेट कॉल की जानकारी नहीं मिली है। मामला निजी दुश्मनी का लगता है। चार पुलिस टीमें छापेमारी में जुटी हैं और जांच की जा रही है।