पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) प्रितपाल सिंह बलियावाल ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर एक ट्वीट किया। बलियावाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए लिखा कि “राणा जी पर भी संगत का असर हुआ लगता है” और आरोप लगाया कि पंजाबियों को सांप-नागिन कहना कांग्रेस की मानसिकता को उजागर करता है।
बलियावाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी समय-समय पर कभी दलितों, कभी सिखों और कभी पंजाबियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सोच हमेशा विभाजनकारी रही है और वह पंजाब के लोगों का अपमान करने से पीछे नहीं हटती।
पंजाब कांग्रेस से पूछे सवाल
AAP नेता ने पंजाब कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि क्या अब कांग्रेस पार्टी पंजाबियों को सांप-नागिन मानने लगी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शब्दों का इस्तेमाल करना पंजाब के सम्मान और पहचान पर सीधा हमला है।
बजट में ‘इलाज के लिए स्पेशल फंड’ की मांग
प्रितपाल सिंह बलियावाल ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए पंजाब सरकार से यह भी मांग कर दी कि आगामी बजट में कांग्रेस नेताओं के “इलाज के लिए स्पेशल फंड” रखा जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां बताती हैं कि कांग्रेस की सोच कितनी नकारात्मक हो चुकी है।
राजनीतिक माहौल गरमाया
इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष और सत्ताधारी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद आने वाले दिनों में और बड़ा रूप ले सकता है।

