Tuesday, March 3, 2026
Home Current News Delhi ब्लास्ट में नया खुलासा, ड्रोन से हमला करना चाहते थे आतंकी

Delhi ब्लास्ट में नया खुलासा, ड्रोन से हमला करना चाहते थे आतंकी

Advertisement

लाल किला कार विस्फोट की जांच में आतंकियों की एक और खतरनाक साजिश का पर्दाफाश हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तानी हैंडलर्स भारत में लंबी दूरी तक मार करने वाले ड्रोन की एक बड़ी खेप भेजने की तैयारी में थे। ये ड्रोन 10 किलो तक वजन उठाने में सक्षम थे और इन्हें अलग-अलग पार्ट्स में एक अन्य देश से भारत लाने की योजना बनाई गई थी। जांच एजेंसियों का कहना है कि भारत में इन ड्रोन को तैयार कर विस्फोटकों के साथ बड़े आतंकी हमलों में इस्तेमाल करने की साजिश थी। हालांकि, फरीदाबाद में आतंकी मॉड्यूल के पकड़े जाने के बाद यह साजिश समय रहते नाकाम हो गई।

800 से अधिक जगह हुई छापेमारी

जांच एजेंसियों ने देशभर में 800 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, जिनमें बड़ी संख्या में फर्जी पहचान पत्र रखने वाले लोग शामिल हैं। शुरुआती जांच से संकेत मिल रहे हैं कि पाकिस्तान, हमास, ISIS और जैश जैसे आतंकी संगठन मिलकर भारत में बड़े पैमाने पर हमलों की साजिश रच रहे थे, जिसे सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते असफल कर दिया।

कश्मीर से दानिश हुआ गिरफ्तार

कुछ दिन पहले जांच एजेंसी ने कश्मीर से जासिर बिलाल वानी उर्फ दानिश को गिरफ्तार किया है। वह सामान्य ड्रोन को रॉकेट हमलों के लिए मॉडिफाई करने में माहिर माना जाता है और इसी तकनीक को आगे बढ़ाने का काम कर रहा था।

150 से अधिक वीडियो मिले

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आतंकी मुजम्मिल के फोन से 150 से ज्यादा वीडियो बरामद किए गए हैं। इनमें मसूद अजहर, असगर और ISIS आतंकियों के भड़काऊ भाषण शामिल हैं। करीब 80 वीडियो बम बनाने, केमिकल रिएक्शन और आतंकी ट्रेनिंग से जुड़े मिले हैं। दिल्ली विस्फोट मामले की जांच में एजेंसियां अब मेडिकल नेटवर्क की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। रविवार को खुफिया एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर से मिली सूचना के आधार पर सहारनपुर, रनपुर और प्रयागराज के कुछ डॉक्टरों से पूछताछ की। हालांकि पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया।