विधानमंडल का मॉनसून सत्र सोमवार, 11 अगस्त से शुरू हो रहा है। इस बार सत्र केवल 4 दिनों तक चलने की संभावना है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सर्वदलीय बैठक में सभी दलों से सत्र के सुचारू संचालन के लिए सहयोग की अपील की है।
उन्होंने कहा कि सदन सभी के सहयोग से ही चलता है। सकारात्मक वातावरण में तार्किक, तथ्यपरक और गुणवत्तापूर्ण संवाद के माध्यम से जन समस्याओं का सार्थक समाधान निकाला जा सकता है।
इस बार 13 अगस्त से ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश-2047’ विजन डॉक्यूमेंट पर 24 घंटे लगातार चर्चा होगी। यह डॉक्यूमेंट प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विधानसभा प्रदेश के समग्र विकास की धुरी है। विगत वर्षों में विधानसभा ने पूरे देश में संसदीय कार्यप्रणाली का उदाहरण प्रस्तुत किया है। सदन स्वस्थ चर्चा के लिए जाना जाता है। यह कार्य दलीय नेताओं के सहयोग से संभव हो पाया है।
