देश की राजधानी में सर्दी का सितम, 5 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान

देश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट आने की वजह से सर्दी का एहसास होने लगा है। ठंडी हवा चलने से रात और सुबह में तापमान में धीरे-धीरे कमी आ रही है। यही वजह से सुबह में ठंड अधिक हो रही है जबकि, दोपहर में अच्छी धूप निकलने से ठंड से राहत बरकरार है।

आपको बताए उत्तर पश्चिम से आ रही ठंडी हवा के कारण दिल्ली में मौसम के तापमान में गिरावट जारी है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर कोहरे की वजह से लोगों को परेशानी होने लगी है। न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस पर आने के कारण शनिवार की सुबह इस सीजन में अब सबसे अधिक ठंडी रही। लेकिन दिन में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। अगले कुछ दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा। वहीं इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 24.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस था।