WhatsApp Remind Me Feature: रोजमर्रा की व्यस्त जिंदगी में अक्सर लोग व्हाट्सऐप पर जरूरी मैसेज पढ़ तो लेते हैं, लेकिन जवाब देना या काम याद रखना भूल जाते हैं। इसी समस्या को हल करने के लिए WhatsApp ने नया ‘रिमाइंड मी’ फीचर पेश किया है, जो यूजर्स को समय पर जरूरी मैसेज की याद दिलाएगा।
क्या है ‘रिमाइंड मी’ फीचर?
यह फीचर यूजर्स को किसी भी मैसेज पर रिमाइंडर सेट करने की सुविधा देता है। चाहे मैसेज टेक्स्ट हो, फोटो, वीडियो, ऑडियो या डॉक्यूमेंट, हर तरह के कंटेंट पर रिमाइंडर लगाया जा सकता है। तय समय पूरा होते ही ऐप खुद नोटिफिकेशन भेजकर उस मैसेज की याद दिलाता है। फिलहाल यह फीचर कुछ यूजर्स के लिए बीटा वर्जन में उपलब्ध कराया गया है।
कैसे करेगा काम?
इस फीचर का इस्तेमाल करना बेहद आसान है। यूजर जिस मैसेज को याद रखना चाहता है, उसे दबाकर रखना होगा। इसके बाद ऊपर दिख रहे ‘रिमाइंड मी’ या बेल आइकन पर टैप करना होगा। फिर यूजर अपनी जरूरत के अनुसार समय चुन सकता है, जैसे 2 घंटे, 8 घंटे, 24 घंटे या कस्टम समय। तय समय पूरा होने पर व्हाट्सऐप नोटिफिकेशन भेजेगा, जिसमें उस मैसेज का प्रीव्यू भी दिखेगा। जरूरत पड़ने पर रिमाइंडर को हटाया भी जा सकता है।
क्यों खास है यह फीचर?
यह फीचर ‘स्टार मैसेज’ या चैट पिन करने से अलग है। स्टार मैसेज में यूजर को खुद जाकर मैसेज ढूंढना पड़ता है, जबकि ‘रिमाइंड मी’ फीचर अपने आप तय समय पर याद दिलाता है। इससे जरूरी काम या मैसेज भूलने की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
किन यूजर्स के लिए ज्यादा फायदेमंद?
यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है जो एक साथ पर्सनल चैट, फैमिली ग्रुप और ऑफिस के काम संभालते हैं। इसके जरिए वे किसी भी जरूरी मैसेज को आसानी से ट्रैक कर सकते हैं और समय पर कार्रवाई कर सकते हैं।
Read More:

