Tuesday, March 3, 2026
Home Current News US-Iran Conflict : अमेरिकी दूतावास ने नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने की...

US-Iran Conflict : अमेरिकी दूतावास ने नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने की दी सलाह

Advertisement

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने एक बार फिर वैश्विक चिंता बढ़ा दी है। हालात बिगड़ते देख अमेरिका ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है। शुक्रवार (6 फरवरी) को अमेरिकी दूतावास ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अमेरिकी नागरिक बिना देरी किए ईरान छोड़ दें, क्योंकि सुरक्षा स्थिति तेजी से अस्थिर होती जा रही है।

सड़कें बंद, उड़ानों पर पाबंदी

एडवाइजरी के मुताबिक ईरान में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कई इलाकों में सड़कें बंद की जा रही हैं और हवाई यातायात भी सीमित होने लगा है। अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ईरान आने-जाने वाली उड़ानों में कटौती कर रही हैं और कई फ्लाइट्स रद्द भी हो चुकी हैं। ऐसे में अमेरिकी दूतावास ने नागरिकों को सड़क, हवाई या जल मार्ग से किसी भी संभव रास्ते से देश छोड़ने की सलाह दी है।

अमेरिकी सरकार से मदद की उम्मीद न रखें

एडवाइजरी में एक अहम और चौंकाने वाली बात यह कही गई है कि अमेरिकी नागरिक ईरान से निकलने के लिए अमेरिकी सरकार की सहायता पर निर्भर न रहें। दूतावास ने साफ कहा है कि मौजूदा हालात में सरकारी मदद उपलब्ध कराना संभव नहीं हो सकता, इसलिए लोग खुद की व्यवस्था से जल्द से जल्द ईरान छोड़ दें।

परमाणु कार्यक्रम पर आज होगी अहम बातचीत

तनाव के बीच एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिका और ईरान के बीच शुक्रवार को ओमान में परमाणु वार्ता होने जा रही है। व्हाइट हाउस के अनुसार, इस बातचीत का मुख्य उद्देश्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर पूर्ण रोक लगाना है। अमेरिका का कहना है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम कूटनीतिक रास्ते से समाधान की कोशिश कर रही है।