Tuesday, February 10, 2026
HomeCurrent NewsUP News : थाईलैंड की महारानी ने कुशीनगर पहुंचकर किए बुद्ध की...

UP News : थाईलैंड की महारानी ने कुशीनगर पहुंचकर किए बुद्ध की लेटी हुई प्रतिमा के दर्शन

थाईलैंड की रानी चौखुन फ्रा सीनी नाथा फ्रीलात कल्याणी रॉयल नोबल कांसोर्ट दो दिवसीय आध्यात्मिक यात्रा पर कुशीनगर पहुँचीं। गुरुवार की सुबह उन्होंने भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली पर विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान बुद्ध की लेटी हुई प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक चीवर अर्पित किया।

सुबह करीब 7:30 बजे रानी थाई मोनेस्ट्री से सीधे महापरिनिर्वाण मंदिर पहुँचीं। वहाँ 7:40 बजे से विशेष पूजा एवं चीवर दान कार्यक्रम आरंभ हुआ, जो लगभग 8:11 बजे तक चला। इस धार्मिक अनुष्ठान में थाईलैंड से आए लगभग 25 सदस्य भी रानी के साथ उपस्थित रहे।

कुशीनगर से काफिला नेपाल के लिए रवाना

पूजा संपन्न होने के बाद रानी अपने दल के साथ रामभार स्तूप पहुँचीं। कसया के एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर पर तहसीलदार धर्मवीर सिंह सहित राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही। रानी ने रामभार स्तूप परिसर में आधे घंटे से अधिक समय बिताया, जहाँ बौद्ध भिक्षु फ्रा सोमदेज के नेतृत्व में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया।

इसके पश्चात सुबह लगभग 9:30 बजे रानी का काफिला कुशीनगर से महराजगंज होते हुए नेपाल के लिए रवाना हो गया। भारत-नेपाल सीमा पर सोनौली स्थित थाई मंदिर में वे भोजनावकाश के लिए रुकेंगी, जिसके बाद नेपाल में भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुम्बिनी का दर्शन करेंगी।

उल्लेखनीय है कि रानी चौखुन फ्रा सीनी नाथा फ्रीलात कल्याणी बुधवार को 70 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सड़क मार्ग से कुशीनगर पहुँची थीं। उनके साथ थाईलैंड के पूर्व उप प्रधानमंत्री बोर्न वोर्न साक उवाननो भी शामिल थे।

एक दिन पहले ही आ गए थे उप प्रधानमंत्री

रानी के आगमन से एक दिन पूर्व ही, मंगलवार को थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री बोर्न वोर्न साक उवाननो 10 सदस्यीय दल के साथ कुशीनगर पहुँच चुके थे, ताकि स्वागत की तैयारियों का निरीक्षण किया जा सके। बुद्ध मार्ग से लेकर थाई मंदिर तक मार्ग के दोनों ओर लोगों ने पुष्पवर्षा कर और थाई ध्वज लहराकर रानी का भव्य स्वागत किया। पुष्पगुच्छ स्वीकार करने के बाद रानी सीधे थाई मोनेस्ट्री पहुँचीं, जहाँ उन्होंने उपोसथ हॉल में पूजा-अर्चना की और भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर छत्र अर्पित किया।

यह भी पढ़ें : पंचतत्व में विलीन हुए उपमुख्यमंत्री अजित पवार, अंतिम यात्रा में…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments