Tuesday, February 10, 2026
Homeराज्यउत्तर प्रदेशUP News : कानपुर के अस्पताल की लापरवाही से मासूम की गई...

UP News : कानपुर के अस्पताल की लापरवाही से मासूम की गई जान, ज्यादा देर वॉर्मर मशीन में रखने से मौत

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक निजी नर्सिंग होम की गंभीर लापरवाही के चलते नवजात बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। प्रसव के बाद बच्ची को NICU में वार्मर मशीन में रखा गया था, लेकिन मशीन के अत्यधिक गर्म हो जाने से वह बुरी तरह झुलस गई। बच्ची की मौत के बाद उसका पूरा शरीर काला पड़ चुका था, जिसे देखकर परिजन सदमे में आ गए।

यह घटना बिठूर थाना क्षेत्र के बिठूर कस्बे में स्थित राजा नर्सिंग होम की बताई जा रही है। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के जरिए दोपहर बाद बच्ची का जन्म हुआ था, लेकिन कई घंटों तक उन्हें बच्ची को दिखाया ही नहीं गया। जब परिजनों ने बार-बार आग्रह किया, तब देर शाम अस्पताल स्टाफ ने बच्ची की हालत के बारे में जानकारी दी, जिसे सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।

स्टाफ की लापरवाही बनी मौत की वजह

कानपुर के बाकरगंज रमेलनगर निवासी अरुण निषाद की शादी दो साल पहले हुई थी। उनकी पत्नी ने ऑपरेशन के माध्यम से बच्ची को जन्म दिया था। जन्म के बाद नवजात को वार्मर मशीन में रखा गया, लेकिन स्टाफ की लापरवाही के चलते मशीन ओवरहीट हो गई। इसी कारण बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने नर्सिंग होम में जमकर हंगामा किया।

सूचना मिलने पर बिठूर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अस्पताल के स्टाफ से पूछताछ कर रही है। वहीं परिजन अब भी नर्सिंग होम के बाहर डटे हुए हैं। बच्ची की दादी का कहना है कि यह उनकी बहू की पहली संतान थी, जो लंबे इलाज के बाद पैदा हुई थी, लेकिन लापरवाही ने उनकी खुशियां छीन लीं।

नर्सिंग होम पर दर्ज हुआ मुकदमा

परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने राजा नर्सिंग होम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। नर्सिंग होम में मौजूद डॉक्टर के एक करीबी ने बताया कि अस्पताल के मालिक डॉक्टर की तबीयत बेहद खराब है और वे फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं।

इस मामले पर फायर ऑफिसर दीपक शर्मा ने बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से नवजात के झुलसने की जानकारी मिली है। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि जन्म के बाद बच्ची को वार्मर मशीन में रखा गया था और मशीन की अधिक गर्मी के कारण हादसा हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें : पंजाब पुलिस ने शुरू किया ‘ऑपरेशन प्रहार 2.0’, 72 घंटे तक अपराधियों पर होगी सख्त…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments