पर्यटन मंत्री ने सांसद संजीव अरोड़ा को दिया जवाब, कहा साल 2023 में लगभग 1 करोड़ विदेशी पर्यटक आए थे भारत

Jul 31, 2024 - 09:27
 22
पर्यटन मंत्री ने सांसद संजीव अरोड़ा को दिया जवाब, कहा साल 2023 में लगभग 1 करोड़ विदेशी पर्यटक आए थे भारत
पर्यटन मंत्री ने सांसद संजीव अरोड़ा को दिया जवाब, कहा साल 2023 में लगभग 1 करोड़ विदेशी पर्यटक आए थे भारत

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार भारत में विदेशी पर्यटकों का आगमन लगातार बढ़ रहा है। इस डेटा के अनुसार, वर्ष 2021 में 1.52 मिलियन विदेशी पर्यटक भारत आए, यह आगमन पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 45 प्रतिशत कम था। हालांकि, वर्ष 2022 में भारत में विदेशी पर्यटकों का आगमन बढ़कर 6.44 मिलियन (पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 322 प्रतिशत अधिक) हो गया है। वर्ष 2023 में भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़कर 9.24 मिलियन (पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 44 प्रतिशत अधिक) हो गई। पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्यसभा के बजट सत्र में पर्यटन पर पूछे गए सांसद संजीव अरोड़ा के सवालों के जवाब में यह आधिकारिक आंकड़े दिए हैं।

अरोड़ा द्वारा पूछे गए प्रश्नों में यह भी शामिल था कि क्या सरकार विदेशी पर्यटकों और देश में पर्यटन के विकास के लिए कोई योजना बनाने का विचार रखती है। क्या सरकार पर्यटक वीजा पर देश में आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या के संबंध में रिकार्ड रखती है और क्या सरकार कुछ राज्य सरकारों द्वारा भारतीय नागरिकों के लिए चलाए जा रहे पर्यटन कार्यक्रमों की तर्ज पर विदेशी पर्यटकों के लिए कोई पर्यटन कार्यक्रम शुरू करने का विचार रखती है।

अपने जवाब में मंत्री ने आगे बताया कि पर्यटन मंत्रालय वैश्विक पर्यटन बाजार में भारत की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न बाजारों में भारत को एक समग्र गंतव्य के रूप में बढ़ावा देता है। इन उद्देश्यों को एकीकृत विपणन और प्रचार रणनीति तथा यात्रा व्यापार, राज्य सरकारों और विदेशों में भारतीय मिशनों के सहयोग से समन्वित अभियान के माध्यम से पूरा किया जाता है। सरकार लगातार उद्योग विशेषज्ञों और अन्य प्रासंगिक हितधारकों के साथ जुड़ती है और भारत के विभिन्न पर्यटन उत्पादों के प्रचार के लिए उनके सुझाव और प्रतिक्रिया लेती है।

मंत्री ने आगे बताया कि विदेशी और घरेलू पर्यटकों के लिए पैकेज टूर जैसे टूर कार्यक्रम निजी हितधारकों और राज्य सरकारों द्वारा प्रदान किए जाते हैं। पर्यटन मंत्रालय अपनी आतिथ्य योजना के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को आमंत्रित करता है, ताकि वे भारत को एक आकर्षक बहुआयामी पर्यटन स्थल के रूप में प्रभावी रूप से प्रस्तुत कर सकें, जो विविध आकर्षणों की एक विस्तृत श्रृंखला प्रस्तुत करता है। पर्यटन मंत्रालय के आतिथ्य कार्यक्रम के अंतर्गत अपने परिचयात्मक दौरों के दौरान मेहमानों को भारतीय पर्यटन उत्पादों और सुविधाओं के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी/ज्ञान प्राप्त होता है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow