पंजाब सरकार अभूतपूर्व तरीके से मनायेगी गुरु रविदास महाराज जी का 650 वां प्रकाश उत्सव: CM भगवंत सिंह मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार श्री गुरु रविदास का 650 वां ‘प्रकाश उत्सव’ अभूतपूर्व तरीके से मनायेगी।

यहां से करीब 62 किलोमीटर दूर खुरालगढ़ साहिब में ‘श्री गुरु रविदास जी स्मारक’ का समर्पण करने के बाद गुरु रविदास के 647 वें प्रकाश उत्सव पर आयोजित एक राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि वह पहले ही अधिकारियों को इस (आगामी) समारोह के सुचारू आयोजन की अकाट्य योजना बनाने का निर्देश दे चुके हैं।

उन्होंने कहा कि इस समारोह की खातिर खुरालगढ़ के आसपास का पूरा इलाका श्रद्धालुओं के साथ चर्चा के बाद समग्र रूप से विकसित किया जाएगा।

CM मान ने कहा कि जीवन में ऐसा पल एक बार आता है और राज्य सरकार इसे एक बड़ी सफलता बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मारक करीब 143 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है जो राज्य सरकार की ओर से गुरु रविदास के प्रति एक विनम्र श्रद्धांजलि है।

उन्होंने कहा कि इस स्मारक में ‘मिनार-ए-बेगमपुरा’, ‘संगत हॉल’ और अत्याधुनिक सभागार हैं तथा यह स्मारक गुरु रविदास के जीवन एवं दर्शन को लोगों के बीच लगातार फैलाता रहेगा।

CM भगवंत सिंह मान ने पंजाब के जवान परमिन्दर सिंह की कारगिल में शहादत पर व्यक्त किया दुख

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब के जवान की कारगिल में ड्यूटी निभाते हुई शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

यहाँ जारी एक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि संगरूर ज़िले के गाँव छाजली से सम्बन्धित भारतीय फ़ौज का जवान परमिन्दर सिंह कारगिल में ट्रेनिंग के दौरान हादसे में शहीद हो गया। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह देश और परिवार के लिए अपूर्णीय कमी है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार के साथ गहरा दुख जताते हुये कहा कि इस दुख की घड़ी में पंजाब सरकार परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि शहीद परमिन्दर सिंह ने अपनी ड्यूटी बहादुरी के साथ निभाते हुये पेशेवर समर्पण का प्रदर्शन किया। भगवंत सिंह मान ने कहा कि शहीद का बलिदान नौजवानों को अपनी ड्यूटी समर्पण और वचनबद्धता के साथ निभाने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार को राज्य सरकार की नीति के मुताबिक वित्तीय सहायता दी जायेगी।